देवी मंदिरों में होंगे अनुष्ठान
रायपुर| नवरात्रपर मां की भक्ति में पूरा शहर डूबा हुआ है। मंदिरों में भी नवरात्र की हर तिथि को खास बनाने की तैयारी की जा रही है। सोमवार को पंचमी तिथि पड़ रही है। इस तिथि पर देवी मंदिरों में मां की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
पंचमी पर मां के दर्शन का विशेष महत्व है। ऐसे में इस दिन बड़ी संख्या में लोग शहर के प्रमुख मंदिरों में जुटेंगे। इस दिन मां के पंचम रूप स्कंदमाता की आराधना की जाती है। शहर के महामाया माता मंदिर, कालीमाता मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिरों में पंचमी को लेकर विशेष तैयारी की गई है। महामाया माता मंदिर में पंचमी के मौके पर माता का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। साथ ही यहां पंचमी हवन भी होगा। इसी तरह आकाशवाणी वाली कालीमाता मंदिर में भी पंचमी के मौके पर विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
इस तरह करें स्कंद माता की आराधना
सबसेपहले चौकी (बाजोट) पर स्कंदमाता की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। इसके बाद गंगा जल या गोमूत्र से शुद्धिकरण करें। चौकी पर चांदी, तांबे या मिट्टी के घड़े में जल भरकर उस पर नारियल रखकर कलश स्थापना करें। उसी चौकी पर श्रीगणेश, वरुण, नवग्रह, षोडश मातृका (16 देवी), सप्त घृत मातृका(सात सिंदूर की बिंदी लगाएं) और स्थापना भी करें। इसके बाद व्रत, पूजन का संकल्प लें और वैदिक एवं सप्तशती मंत्रों द्वारा स्कंदमाता सहित समस्त स्थापित देवताओं की षोडशोपचार पूजा करें।