जोगी-भूपेश बिलासपुर महापौर पर अड़े
रायपुर . बिलासपुरनगर निगम को लेकर उठे विवाद ने कांग्रेस के दूसरे निकायों के प्रत्याशियों की घोषणा पर भी अडंगा लगा दिया। कांग्रेस ने बिलासपुर छोड़कर नौ नगर निगमों के महापौरों के नाम के ऐलान किया। पार्टी शनिवार को नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्षों के नाम की भी घोषणा करने की कोशिश में थी, लेकिन सारे नेता बिलासपुर नगर निगम महापौर के विवाद में फंसे रहे। इस विवाद के कारण दूसरे नगर निगमों के पार्षदों के चयन में भी समय लगा।
सूत्रों की मानें तो बिलासपुर से प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल रामशरण यादव को प्रत्याशी बनाना चाहते हैं, पर जोगी उसके विरोध में हैं। वे विष्णु यादव को टिकट दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। शनिवार को हुई बैठक में भी इस पर सहमति नहीं बन सकी। इस वजह से कांग्रेस भवन में चल रही बैठक जल्दी खत्म हो गई। पार्टी नेताओं ने इस मामले को राष्ट्रीय नेताओं पर छोड़ दिया है।
उधर नगर निगमों के पार्षदों के नाम की छंटनी के लिए अलग-अलग उपसमितियां बना दी गई है। इन उपसमितियों में जिलाध्यक्षों के साथ विधायक, विधायक प्रत्याशी, सांसद प्रत्याशियों को शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि रविवार शाम तक प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
सोमवार से विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है। इसमें भूपेश बघेल के साथ नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव अन्य विधायक व्यस्त रहेंगे। लिहाजा पार्टी इस काम को जल्दी निपटाना चाह रही है। यही वजह है कि चुनाव उपसमिति की बैठक सिंहदेव के निवास राजकुमार कालेज में की गई।
महंत बाजी मार ले गए
लंबेमंथन के बाद प्रदेश कांग्रेस ने 10 में से नौ नगर निगमों के प्रत्याशियों की घोषणा की। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की पसंद का ख्याल रखा गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत ने अपने समर्थक रेणु अग्रवाल को कोरबा से टिकट दिलाया है। चिरमिरी के मोहम्मद इमाम महंत के साथ नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव की पसंद हैं। सिंहदेव ने अंबिकापुर से डॉ. अजय तिर्की को टिकट दिलाई है। रायपुर में प्रमोद दुबे को पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के साथ सभी नेताओं की पसंद बताया जा रहा है। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा ने दुर्ग में अपने समर्थक नीलू ठाकुर को टिकट दिलाया। राजनांदगांव से विजय पांडेय और जगदलपुर से मलकीत सिंह गैंदू को प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल की पंसद हैं।