- Hindi News
- टिकट घोषणा के साथ ही फार्म जमा करने के लिए उमड़े उम्मीदवार
टिकट घोषणा के साथ ही फार्म जमा करने के लिए उमड़े उम्मीदवार
नामांकन के लिए केवल सोमवार का दिन बाकी होने की वजह से शनिवार को निर्दलीय और भाजपा के उम्मीदवारों में नामांकन भरने की होड़ मची रही। उम्मीदवार सुबह से ही कलेक्टोरेट परिसर में जमा होने लगे। दोपहर तक खासी भीड़ जमा हो गई।उम्मीदवारों की भीड़ की वजह से दोपहर 3 बजे के बाद भी ऐसे लोगों के नामांकन ले लिए गए जो निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में दाखिल हो चुके थे। नामांकन शाम 4 बजे तक जमा होते रहे। कलेक्टर ने बताया कि रविवार को अवकाश रहेगा, इसलिए नामांकन नहीं लिया जाएगा। अब सोमवार को दोपहर 3 बजे तक ही नामांकन लिए जाएंगे।
नामांकन जमा करने के साथ ही ऐसे लोगों की भीड़ लगी रही जो नामांकन खरीदने के लिए आए थे। नामांकन जमा करने के एक दिन पहले भी 105 फॉर्म बिके। पार्षद चुनाव के लिए अब 700 से ज्यादा नामांकन पत्र बिक चुके हैं। महापौर के लिए 50 से ज्यादा नामांकन बिक चुके हैं और 25 से ज्यादा जमा हो चुके हैं। रायपुर के महापौर पद के लिए शनिवार को निसार जहां निर्दलीय, मुबारक जहां निर्दलीय, मसीउद्दीन निर्दलीय, अब्दुल आरिफ खान निर्दलीय, रवि कुमार श्रीवास भारतीय जनता पार्टी, रेशम बानो मेमन निर्दलीय, मजहर इकबाल निर्दलीय, अब्दुल शफीक खान निर्दलीय, प्रताप राय वाधरा निर्दलीय, महेश हरपाल शक्ति सेना भारत देश (निर्दलीय) एवं अब्दुल रियाज खान निर्दलीय नामांकन जमा किया।
भाजपा के मेयर पद के उम्मीदवार सच्चिदानंद उपासने तथा कांग्रेस के प्रमोद दुबे समेत सात ने नामांकन फार्म खरीदे। उपासने और दुबे सोमवार को रैलियोें के साथ पर्चे दाखिल करेंगे। उनके साथ कई वार्डों के पार्षद प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे।