- Hindi News
- गर्भाशय कांड का फैसला टला आज फिर कमेटी की बैठक
गर्भाशय कांड का फैसला टला आज फिर कमेटी की बैठक
रायपुर. स्वास्थ्यविभाग और शासन से गठित हाई पावर कमेटी गर्भाशय कांड में फंसे डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई का फैसला शनिवार को नहीं कर सकी। हालांकि शुक्रवार को डाक्टरों का बयान लेने के बाद स्वास्थ्य विभाग के आला अफसरों ने संकेत दिए थे कि शनिवार को फैसला सुना दिया जाएगा। अब रविवार को निर्णय होने के संकेत हैं।
शनिवार को हालांकि स्वास्थ्य विभाग के आला अफसर और हाई पावर कमेटी के सदस्यों की बैठक हुई। उसमें गर्भाशय कांड में फंसे डाक्टरों के एक-एक केस पर मंथन हुआ। करीब दो घंटे की चर्चा के बाद अफसर कार्रवाई तय नहीं कर सके। जानकारों का कहना है कि राजिम के डा. पंकज जायसवाल और अभनपुर के डा. प्रज्जवल सोनी के विरुद्ध अलग कार्रवाई की जाने की तैयारी है। उन्हीं पर कार्रवाई तय करने के लिए घंटों मंथन हुआ। एक अफसरों ने दावा किया कि रविवार को अवकाश के दिन भी बैठक होगी और उसके बाद फैसला सुनाया जाएगा। गौरतलब है पूर्व में सात डाक्टरों के खिलाफ एक साल का प्रतिबंध लगाया जा चुका है। कोर्ट ने बाद में स्टे दे दिया और डाक्टरों का पक्ष सुनने के बाद कार्रवाई करने के निर्देश दिए।