सभी वार्डों में 29 से बनेंगे आधार कार्ड, छुट्टी वाले दिन भी काम
रायपुर. आधार कार्ड बनाने के लिए लोगों को अब नगर निगम मुख्यालय या दूसरे वार्डों में चलाए जा रहे शिविरों में नहीं जाना पड़ेगा। राजधानी में 29 सितंबर से सभी 70 वार्डों में आधार कार्ड के लिए शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में भीड़ और अव्यवस्था की शिकायतों के बाद कलेक्टर ने नगर निगम अफसरों तथा कार्ड बनाने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों को फटकार लगाई थी। इसके बाद तय हुआ कि दोनों एजेंसियां सौ से ज्यादा अफसरों और कर्मचारियों की अलग से ड्यूटी लगाकर सभी वार्डों में आधार कार्ड शिविर शुरू करेंगी।
आधार कार्ड बनाने के लिए दो हफ्ते पहले कुछ वार्डों में आधी-अधूरी तैयारी के साथ शिविर लगा दिए गए थे। इससे लोग खासे परेशान हुए। वे अपना कामकाज छोड़कर घंटों लाइन में लगे। इतनी अव्यवस्था फैली कि कार्ड बनाने वाले कर्मचारियों से हाथापाई तक हो गई। शिकायतों के बाद कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में शनिवार को आपात बैठक बुलाई गई।
अफसरों ने बताया कि अब तक डेढ़ लाख से ज्यादा आधार कार्ड बनाए जा चुके हैं। कलेक्टर ने निगम कमिश्नर और एडीएम को निर्देश दिए कि आधार कार्ड बनाने से पहले सभी वार्डों में पंजीयन के लिए फॉर्म का वितरण कर दिया जाए। फॉर्म बांटने के साथ ही लोगों को इस बात की भी जानकारी दी जाए कि उन्हें शिविर में कब और किन दस्तावेजों के साथ आना है।
छुट्टी वाले दिन भी
सभी शिविरों में पंजीयन सुबह 9 बजे से शुरू हो जाना चाहिए। निर्धारित तिथि में जो पंजीयन नहीं करा पाए या कार्ड बनवाने के लिए न पहुंच पाए तो ऐसे लोगों को छुट्टी के दिन या रविवार को बुलाया जाए। आधार कार्ड बनाने वाली कंपनी हर शिविर में दो या उससे ज्यादा मशीनें उपलब्ध कराए। बैठक में मौजूद जोन कमिश्नरों ने बताया कि जोन छह में 60697, जोन एक में 29935, जोन सात एवं आठ 47939 और जोन दो में 14892 लोगों ने आधार कार्ड बनाने के लिए पंजीयन करवा लिया है। इनका कार्ड जल्द बनवा दिया जाएगा।
केंद्रों की सूची कल
70 वार्डों के किन जगहों पर आधार कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाए जाएंगे इसकी सूची सोमवार को जारी कर दी जाएगी। निगम इस सूची को जारी करेगा। शिविरों की मॉनिटरिंग का जिम्मा जोन कमिश्नरों को दिया गया है। कार्ड बनाने के लिए सुबह 9 से शाम 6 बजे तक शिविर लगाए जाएंगे।