रायपुर. राजधानी में
केबीसी का शो 28 सितंबर को होने वाला है। शो में
अमिताभ बच्चन के साथ एक्टर
अजय देवगन और कॉमेडी नाइट्स के
कपिल शर्मा भी आने वाले थे। मगर आयोजकों ने संकेत दिए कि डेट्स तथा अन्य व्यस्तताओं के कारण दोनों का ही रायपुर आना संदिग्ध हो गया है। उनकी जगह अमिताभ के साथ बालीवुड की नई टीम आ सकती है, जो केबीसी में मौजूद लोगों का ब्रेक के दौरान मनोरंजन करे। कौन लोग आ सकते हैं, अभी यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है।
रायपुर में केबीसी के आयोजन से जुड़े भरोसेमंद सूत्रों ने बताया कि फिल्म स्टार
अजय देवगन विदेश में अपनी फिल्म की शूटिंग करने जा रहे हैं। इसलिए उन्होंने आने से मना कर दिया है।
कपिल शर्मा ने भी अपने शो कामेडी नाइट्स विथ कपिल की व्यस्तताओं की वजह से रायपुर आने में असमर्थता जता दी है। इसके बाद, अब
सोनी टीवी शायद अब नए कलाकारों की टीम के साथ रायपुर में केबीसी का शो कर सकता है। हालांकि आधिकारिक तौर पर केबीसी प्रबंधन ने किसी भी तरह की जानकारी नहीं दी है।
सप्रे स्कूल में स्क्रीन
केबीसी शो का लाइव प्रसारण सप्रे स्कूल के मैदान पर हो सकता है। यह इंडोर स्टेडियम के काफी करीब है। इसलिए स्क्रीन को लगाने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी। पुलिस ग्राउंड की दूरी इंडोर स्टेडियम से दूर होने की वजह से लाइव शो का प्रसारण बड़ी स्क्रीन में करने में दिक्कत भी आ रही थी। साथ ही वहां पर पार्किंग की भी समस्या है।
हॉट सीट भी पहुंची
अमिताभ बच्चन जिस हाट सीट पर बैठकर कंटेस्टेंट से सवाल पूछते हैं, वह हाट सीट भी रायपुर पहुंच गई है। उस हाट सीट पर कपड़े का कवर ढंक दिया गया है। यह सीट आज सुबह तक खुली थी। कुछ लोगों ने इस सीट पर बैठकर तस्वीर ली, इसीलिए न केवल इसे ढंक दिया गया, बल्कि इसकी सुरक्षा के लिए एक बाउंसर भी लगा दिया गया है।