(दैनिक भास्कर प्राइड अवाॅर्ड समारोह गुरुवार को रायपुर के होटल बेबीलॉन में आयोजित किया गया। इस दौरान अभिनेता अनुपम खेर ने विजेताओं को प्राइड आवॉर्ड से सम्मानित भी किया। )
रायपुर । राज्य को गौरवान्वित करने की जिद और अपने-अपने ढंग से समाज की सेवा के जज्बे से भरे छत्तीसगढ़ के आठ लोगों को दैनिक भास्कर ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ प्राइड अवाॅर्ड प्रदान किया है। होटल बेबीलॉन में हुए भव्य समारोह में मशहूर फिल्म अभिनेता अनुपम खेर तथा मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ने सभी आठ लोगों को प्राइड अवाॅर्ड से सम्मानित किया।
इस अवसर पर दैनिक भास्कर समूह के चेयरमैन रमेशचंद्र अग्रवाल तथा डायरेक्टर गिरीश अग्रवाल भी मौजूद थे। खचाखच भरे सभागार में जैसे ही प्राइड अवाॅर्ड की घोषणा शुरू हुई, सैकड़ों लोगों के साथ अवाॅर्ड विजेताओं के परिजनों की छाती भी गर्व से चौड़ी हो गई। समारोह के मुख्य अतिथि अनुपम खेर ने इस मौके पर प्राइड अवाॅर्ड विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि सपने हर किसी को देखना चाहिए और उन्हें पूरा करने की जिद भी करनी चाहिए। अनुपम खेर ने भास्कर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि खबरों के साथ देश की सेवा का जो जज्बा इस अखबार ने दिखाया, कहीं और देखने को नहीं मिला।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि आज ही के दिन छत्तीसगढ़ को नया राज्य बने 14 साल पूरे हुए। 11 साल पहले आज ही के दिन मैंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सुखद संयोग है कि इसी दिन छत्तीसगढ़ के गौरव भी सम्मानित हो रहे हैं। उन्होंने भास्कर की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस अखबार ने समाज को एक नई सोच दी है।
दैनिक भास्कर समूह के चेयरमैन रमेशचंद्र अग्रवाल ने लोगों को बताया कि दैनिक भास्कर समाज की भलाई और लोगों के एकजुट करने में लगा है। उन्होंने बताया कि भास्कर समूह ने देशभर में पानी बचाओ अभियान चलाया। लोगों को पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया और देशभर में 15 लाख पेड़ लगाए गए। राष्ट्र की हर विपदा में भास्कर लोगों के साथ खड़ा रहा।
कश्मीर के लोगों की मदद के लिए 15 से 18 ट्रक कपड़े और जरूरत की चीजें पहुंचाई गईं। भास्कर ने भोपाल, इंदौर और जयपुर में श्मशान घाट का पुनर्निमाण कराया, जो अब रायपुर में भी होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राइड अवार्ड की यह शुरुआत है। इसे हर साल आयोजित किया जाएगा। समारोह में दैनिक भास्कर समूह के डायरेक्टर गिरीश अग्रवाल भी मौजूद थे।
जिद और जज्बे से बने प्राइड
क्षेत्र - विजेता
कला और साहित्य - परदेशी राम वर्मा
शिक्षा - डॉ. अरुण मढ़रिया
पर्यावरण - नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी
चिकित्सा - गंगा डायग्नोस्टिक सोसायटी
समाजसेवा - डॉ. दिनेश मिश्रा
खेल - सबा अंजुम
वूमन अचीवर - रमा पांडे
यूथ अचीवर - मोहित साहू
खेर का ट्वीट: यह एक महान सोच
प्राइड अवाॅर्ड समारोह के समापन के पश्चात अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- दैनिक भास्कर प्राइड अवाॅर्ड एक महान सोच है। हमारे देश में ऐसे अनेक लोग हैं, जो लाखों लोगों को प्रेरणा दे सकते हैं।
हार को करिए सेलिब्रेट
अनुपम खेर ने कहा कि मैं आज भी वह दिन नहीं भूल सकता जब पिताजी ने मुझे होटल में पार्टी देने के बाद बताया कि मैं बोर्ड एग्जाम में फेल हो गया हूं। मैं चकित था, तब पिता ने कहा कि जीवन में यह जरूर याद रखना कि जब भी नाकाम हो, उस हार को सेलिब्रेट करना। अगर 16 साल का लड़का अपने पिता के साथ हार को सेलिब्रेट कर सकता है, तो वह जरूर आगे बढ़ेगा।
इनवेस्ट करें, रिटर्न तय
अनुपम खेर ने जीवन से जुड़े कुछ किस्से सुनाए, जो प्रेरणादायी थे। उन्होंने बताया कि जब मैं अपने पिता के साथ घूमने निकलता था तो लोग उन्हें रास्तेभर नमस्कार करते ते। मैंने राज पूछा, तो पिता ने बताया कि यह इनवेस्टमेंट है। जब मैं (पिता) 20 साल पहले शिमला आया तो छह माह तक सबको नमस्कार करता रहा। अब मैं जहां जाता हूं, सब मुझे नमस्कार करते हैं। अर्थात, आप जो भी इनवेस्ट करेंगे, उसका रिटर्न जरूर मिलेगा।
भीग गए तो बारिश का क्या डर
अनुपम खेर ने बताया कि स्ट्रगल के दौरान जब काम नहीं मिल रहा था तो मैंने दादाजी को चिट्ठी लिखी की शिमला लौटना चाहता हूं। उन्होंने जवाब दिया कि माता-पिता ने संघर्ष करके तुम्हे पढ़ाया। इसलिए कुछ दिन और कोशिश करो। उन्होंने कहा कि चिट्ठी में उन्होंने ऐसी बात लिखी, जो मैं भूल नहीं सका। उन्होंने लिखा कि बारिश में भीग गए तो फिर गीला होने से नहीं डरना चाहिए। बुरा दौर चलता रहा तो कोी आपका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
आगे की स्लाइड में देखें अवार्ड पाने वाले सभी आठ लोगों विजेताओं की तस्वीरें