पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

ऑडिशन के लिए बुलाकर बांट दिए पास, हॉट सीट पर केबीसी के आयोजक चुप

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर. कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर कौन बैठेगा और उसके चयन का सिस्टम क्या रहेगा, यह रहस्य गहराने लगा है। माना जा रहा था कि मंगलवार को केबीसी के आयोजकों ने राज्यभर से जिन लोगों को ऑडिशन पर बुलाया, उन्हीं में से फास्टेस्ट फिंगर राउंड के लिए प्रतिभागी चुने जाएंगे और इन दस लोगों में से एक हॉट सीट पर जाएगा। लेकिन ऑडिशन के लिए पहुंचे लोगों से आयोजकों ने एक फार्म भरवाया, पास दिए
और रवाना कर दिए। अंतिम दस या हॉट सीट पर आयोजकों ने चुप्पी साध ली है।
केबीसी का आयोजन करनेवाली टीवी कंपनी ने दूसरे राउंड में चयनित लोगों को मंगलवार को होटल गेटवे ताज में बुलाया था। सुबह 11 से 2 और दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक इनका वेरिफिकेशन हुआ। मोबाइल नंबर जांचे गए और आठ पेज का फार्म भरवाया। इसमें प्रतिभागी से संबंधित सवाल पूछे गए। फोन फ्रेंड के नंबर भी भरने को कहा गया। फॉर्म भरने के बाद कंप्यूटर से प्रतिभागियों की फोटो ली गई और उन्हें फोटो वाला पास तत्काल इश्यू किया गया। इसके साथ एक परिजन के लिए भी पास दिया और रवाना कर दिया।
टिकट पर जुनेजा का नाम

नगर निगम और कांग्रेसी नेताओं की मांग पर सोनी टीवी वालों ने पास में स्थान के नाम पर बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम का नाम लिखा है। स्टेडियम के गेट नंबर चार और पांच से प्रतिभागी शो में प्रवेश कर पाएंगे।
सवाल पूछे बिना पास

दूसरे राउंड में सिलेक्ट होने वाले लोग परेशान थे कि किस तरह के सवाल होंगे, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। लोगों से सीधे फॉर्म भरवाकर उन्हें शो में शामिल होने का पास जारी कर दिया गया। इससे लोगों ने बड़ी राहत महसूस की। पास मिलने के बाद लोगों ने बाहर निकलकर दोस्तों से गले लगकर अपनी खुशी का इजहार भी किया।
शो को लेकर खामोशी

पास मिलने वाले प्रतिभागियों ने आयोजकों से कई तरह के सवाल किए कि उन्हें शो में शामिल होने का मौका कैसे मिलेगा, लेकिन आयोजकों ने इसका
कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने प्रतिभागियों से दो टूक कहा कि वे रविवार को दोपहर 3 बजे स्टेडियम पहुंच जाएं, सारे सवालों के जवाब वहीं
मिल जाएंगे।
साथ गए लोग परेशान

दूसरे राउंड में सिलेक्ट लोगों को अपने साथ एक व्यक्ति को लाने की छूट दी गई थी। वेरिफिकेशन के समय साथ गए लोगों को बाहर रोक दिया गया। वे परेशान होते रहे। उनके लिए पानी भी बड़ी मुश्किल से आया। दूसरे का नंबर, रोका :ऑडिशन के दौरान दो लोग ऐसे पहुंचे जिनका सिम कार्ड किसी और के नाम से रजिस्टर्ड था, लेकिन उस नंबर को ऑपरेट वे कर रहे थे।
चैनल ने कहा कि जिनका नंबर है, पास उन्हें ही दिया जाएगा तो विवाद भी हुआ। लेकिन कंपनी ने दोनों को ही बैरंग वापस भेजा।
हॉट सीट वाला तय?

केबीसी की हॉट सीट में जाने का सपना देख रहे लोगों में इस बात की खबर तेजी से फैली की फास्टर फिंगर फर्स्ट राउंड में पहुंचने वाले दस और उनमें से जो हॉट सीट में बैठेगा, उसका नाम तय हो गया है। शो के दौरान इसकी वीडियो क्लिपिंग दिखाई जाती है। वह भी बना ली गई है। यही वजह है कि ऑडिशन लेने के लिए एक हजार लोगों को बुलाने के बजाय केवल 150 लोगों को पास देकर चलता कर दिया गया।

बंगलों को खुशखबरी

केबीसी के शो में मंत्री और विधायकों को खुश करने के लिए कम ही सही, लेकिन थोड़ी संख्या के पास बंद लिफाफे में उनके बंगलों तक पहुंचाने का सिस्टम बना है। पास को लेकर भले ही उच्चपदस्थ अफसर सख्ती दिखा रहे हों, लेकिन भीतर ही भीतर सबको खुश रखने की तैयारी कर ली गई है। बड़े बंगलों तक यह सूचना पहुंच गई है। पास से सारे बड़े लोग हाथ झाड़ रहे हैं, लेकिन उन्हें भी इंतजार है कि ये बंगले कब आएगा?
ड्रेस भी तय रहेगा
- शो में तीन तरह के कपड़े पहनकर शामिल हो सकते हैं, फैंसी, फॉर्मल और कैजुअल।
- स्टेडियम के दरवाजे दोपहर तीन बजे खुलेंगे और चार बजे बंद हो जाएंगे। इसके बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।
- जब तक शो की शूटिंग पूरी नहीं हो जाएगी, कोई भी स्टेडियम से बाहर नहीं जा सकेगा।
-18 साल से कम वाले शो में नहीं जाएंगे। मोबाइल ले जा सकेंगे लेकिन फोटो-वीडियो नहीं बना सकेंगे।
मेयर की ताला लगाने की धमकी के बाद कंपनी ने पटाए 9.80 लाख रुपए
केबीसी के लिए इनडोर स्टेडियम का बकाया 16.86 लाख रुपए किराया नहीं पटाने पर महापौर किरणमयी नायक की धमकी का असर मंगलवार को दिखा। आयोजकों ने 9 लाख 80 हजार रुपए पटा दिए हैं। यह राशि नगर निगम के अकाउंट में आ गई है। जोन सात के कमिश्नर डॉ. प्रीतम मिश्रा ने बताया कि आयोजक कंपनी से स्टेडियम के किराए के रूप में 16.86 लाख रुपए लेना बाकी था। 11 सितंबर को दो लाख पहली किश्त के रूप में मिले थे। मंगलवार को जमा राशि के बाद 7 लाख 6 हजार रुपए आैर बाकी रह गए हैं।