पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में महिला मोर्चा के लिए कोई भी कक्ष की व्यावस्था नहीं

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर. भाजपा के प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में भाजयुमो और महिला मोर्चा के लिए आजकल कोई कक्ष नहीं है। उन्हें अलाट कमरे या अब दूसरे उपयोग में लाए जा रहे हैं। इससे दोनों मोर्चे के कार्यकर्ता मायूस हैं। हालांकि पार्टी अध्यक्ष के मुताबिक उनकी व्यवस्था नए दफ्तर में की गई है जहां शिफ्टिंग होने वाली है।

विधानसभा चुनाव के दौरान भाजयुमो के कक्ष को वॉर रूम में भी तब्दील किया गया था। चुनाव की सारी गतिविधियां यहां से संचालित होनी थीं, लेकिन कुछ दिनों बाद ही यह कमरा विधि प्रकोष्ठ को सौंप दिया गया। इसी तरह महिला मोर्चे को अलाट कमरे का उपयोग अब रास्ते के रूप में हो रहा है। अब दोनों मोर्चे के पदाधिकारी लगभग तीन महीने से बिना कमरे के काम कर रहे हैं। वे भाजपा कार्यालय आते हैं तो उनके बैठने का तय स्थान नहीं है। भटकाव की वजह से कार्यालय आने में उनकी रुचि कम हो गई है। वे अपनी तरफ से कुछ बोलने से कतरा रहे हैं। उनका मानना है कि पार्टी में इस तरह शिकवा-शिकायत की संस्कृति नहीं है, पर ऐसा व्यवहार भी नहीं होना चाहिए।

कमरे क्यों लिए गए इसके बारे में कोई स्पष्ट जवाब पदाधिकारियों के पास नहीं है। हालांकि दबे स्वर में कार्यकर्ता बताते हैं कि कार्यालय के एक हिस्से में आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित करने यह कदम उठाया गया है। भवन के इस भाग में पार्टी के अहम काम होते हैं। अगले दो-तीन महीने में लोकसभा चुनाव होने हैं। इस दौरान भाजयुमो व महिला मोर्चे को कमरे मिलने की संभावना नहीं है। लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी का दफ्तर नए भवन में शिफ्ट हो सकता है जिसका पहले ही लोकार्पण हो चुका है।

नए भवन में दी है जगह..
नए कार्यालय में सभी मोर्चा-प्रकोष्ठ के लिए बढिय़ा इंतजाम किया गया है। अब सब वहीं बैठा करेंगे। लोकसभा चुनाव के पहले मैं स्वयं वहां बैठने की शुरूआत करूंगा।
विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा

काम चल जाता है..
काम चल जाता है। वेटिंग हाल में बैठकर चर्चा कर लेते हैं। पत्रक आदि बनाने का काम ही मुख्य रूप से करना होता है। निपटा लेते हैं।

शोभा सोनी, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा
परेशानी स्वाभाविक है मगर..
बिना कक्ष के थोड़ी परेशानी स्वाभाविक है। कार्यकर्ता भटकते हैं, पर काम करना बड़ी बात है। नए कार्यालय में सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों को स्थान मिला है।
अनुराग सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष भाजयुमो