रायपुर. राजधानी में बूढ़ा तालाब के सामने इंडोर स्टेडियम में ‘
कौन बनेगा करोड़पति (
केबीसी)' का सेट लगना शुरु हो गया है। इसी तरह का कार्यक्रम कुछ अरसा पहले सूरत में हुआ था। वहां से केबीसी का पूरा सेट गुरुवार को दोपहर आठ ट्रकों में रायपुर पहुंचा। सेट का सामान आने के बाद कार्यक्रम का आयोजन करने वाली टीवी कंपनी
सोनी ने स्टेडियम में आम लोगों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। अब केवल टीवी कंपनी की टीम तथा जिला और निगम प्रशासन के लोग ही स्टेडियम में प्रवेश कर सकते हैं।
इवेंट को-आर्डीनेटर अंकित दवे ने बताया कि प्रोडक्शन और इवेंट की टीम ने इंडोर स्टेडियम में काम शुरु कर दिया है। सेट डिजाइनर ने सेट लगाना शुरु कर दिया है। हफ्ते भर के अंदर सेट बनकर तैयार हो जाएगा। मुंबई से अब प्रोडक्शन, इवेंट, कैमरामैन सहित अन्य टेक्निकल स्टाफ की टीम आना शुरु हो जाएगी। 25 सितंबर तक पूरा सेट तैयार हो जाएगा। संभवत: 26 को मॉक केबीसी का शो भी हो सकता है। 27 सितंबर को
अमिताभ बच्चन विशेष विमान से रायपुर पहुंच जाएंगे।
क्विज के लिए रजिस्ट्रेशन
शहर के किसी निजी होटल में
सोनी टीवी उन लोगों का रजिस्ट्रेशन करेगी, जिन्होंने क्विज क्वेश्चन का सही जवाब दिया है। इसमें भी केवल उन्हीं लोगों को बुलाया जाएगा जो सोनी टीवी के द्वारा रेंडम सलेक्ट किए जाएंगे। उन्हें सोनी टीवी की तरफ से काल आएगा।
कलेक्टर ने किया मुआयना
केबीसी की टीम आने के बाद देर शाम कलेक्टर ठाकुर राम सिंह ने एसपी ओपी पाल और कमिश्नर अवनीश कुमार शरण के साथ इंडोर स्टेडियम का मुआयना किया। कलेक्टर ने अफसरों को पार्किंग के साथ ही साफ-सफाई करने के निर्देश भी दिए।
केवल इनविटेशन से लोगों की इंट्री
लोकल को-आर्डीनेटर टीम ने बताया कि केबीसी शो देखने के लिए केवल 3 हजार को ही प्रवेश मिलेगा। प्रवेश का अधिकार सोनी टीवी तय करेगी। सोनी टीवी की तरफ से इनविटेशन पास जारी होंगे। केवल इनविटेशन पास धारक ही शो में प्रवेश कर सकते हैं। पास के लिए किसी भी तरह के कोई रुपए नहीं लिए जा रहे हैं। शहर में पास को लेकर कालाबाजारी का माहौल बन रहा है। मगर पास चुनिंदा लोगों को फ्री आफ कास्ट ही जारी होंगे।