पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

केबीसी : आज रायपुर में बिग बी कहेंगे-लॉक किया जाए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर. इंतजार की घड़ियां आज खत्म हो जाएंगी। मेगास्टार अमिताभ बच्चन रायपुर पहुंच चुके हैं। केबीसी के लिए उन्होंने शनिवार को दो घंटे तक आयोजन स्थल बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में रिहर्सल की। अपने हिट गाने-सारा जमाना हसीनों का दीवाना, मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है और सोना-सोना दिल मेरा सोना..... पर जमकर थिरके।
मुंबई से आए डांस ट्रूप के सदस्यों ने भी उनका भरपूर साथ दिया। केबीसी आपके शहर का लाइव शो रविवार शाम 5 बजे शुरू होगा। करीब छह घंटे तक यह चलेगा। प्रतिभागियों के साथ ही इनविटेशन पास धारकों का प्रवेश दोपहर 3 से 4 बजे के मध्य होगा। शाम 4 बजे से इंट्री बंद कर दी जाएगी।
छत्तीसगढ़ को प्रोजेक्ट करने में मदद करेंगे बिग बी
फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से उनके निवास पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें नया रायपुर विकास परियोजना और प्रदेश की विकास गतिविधियों पर प्रकाशित दो पुस्तकें भेंट कीं। इस दौरान बच्चन ने कहा कि इस नए राज्य को देश-दुनिया के नक्शे पर प्रोजेक्ट करने के लिए राज्य सरकार मेरी आवाज का जैसा भी उपयोग करना चाहे, वे अपनी सेवा देने के लिए तैयार रहेंगे।
जंजीर से अग्निपथ तक सब फिल्में देखीं : सीएम
बिग बी ने डॉ. रमन सिंह से कहा : आपके काम की तारीफ सुनी है। बॉलीवुड में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के देश में लाखों फैन हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह भी उनमें से हैं। सीएम हाउस पहुंचे अमिताभ को डा. सिंह ने अंतरंग बातचीत में यह बताया। वहां मौजूद लोगों के मुताबिक सीएम ने अमिताभ से कहा कि सात हिदुस्तानी से लेकर जंजीर तक और शोले से अग्निपथ तक, उन्होंने तमाम फिल्में देखीं हैं, तो अमिताभ भाव विभोर हो गए।
सीएम ने यह भी कहा कि जब वे स्टूडेंट थे और कवर्धा में रहते थे, तब अमिताभ की फिल्में रिलीज होने के बाद रायपुर और भिलाई में लगा करती थीं। वे फिल्में देखने के लिए कवर्धा से यहां आया करते थे। यह सुनकर अमिताभ भी काफी खुश हुए। उन्होंने सीएम से कहा कि आपकी और छत्तीसगढ़ में आपके काम, दोनों की तारीफ सुनी है। इसी दौरान अमिताभ ने सीएम से वादा किया कि छत्तीसगढ़ के प्रचार के लिए वे जब चाहें, उनकी आवाज का उपयोग कर सकते हैं।