( छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के 11 साल होने पर सीएम रमन सिंह से विषेश बातचीत हुई। )
रायपुर । मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह 12 दिसंबर को अपनी सरकार के 11 साल पूरे कर लेंगे। इस मौके पर दैनिक भास्कर ने हर उस मुद्दे पर बात की जो इस समय सरकार को लेकर उठ रहे हैं। आलोचना, समालोचना और तारीफ के वे पहलू, जिनसे सरकार का सीधा वास्ता है। मुख्यमंत्री ने इनसे जुड़े सवालों पर सीधा जवाब दिया। उन्होंने नसबंदी कांड में हुई मौतों के लिए जहां चूक को स्वीकार किया वहीं नक्सल मामलों में अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति भी खुलकर सामने रखने से परहेज नहीं किया। उन्होंने दो टूक कहा-नक्सलियों से अब हम वहां लड़ रहे हैं जिस क्षेत्र को उन्होंने अपनी राजधानी बना लिया है। अगर हम लड़ेंगे तो नहीं तो वे बढ़ते जाएंगे। उनका दावा है-11 साल में हम नक्सल फ्रंट पर 4 कदम आगे बढ़े हैं। रुकेंगे नहीं।
अफसरों से घिरे होने के आरोपों पर उन्होंने बेलाग कहा-अफसर हमारे लिए काम करते हैं। कार्यपालिका में उनकी अपनी एक सीमा है। उसी सीमा में रहकर काम कर सकते हैं। वे सरकार और जनता के लिए जिम्मेदार हैं।
सवाल: आपकी सरकार को 11 साल हो गए, क्या सरकार और राज्य की दिशा सही है?
सीएम: देश का पिछड़ा राज्य माने जाने वाले छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने के लिए सरकार संभालते ही पहले दिन से ही तय किया था। जिस क्षेत्रीय असंतुलन के कारण इस राज्य का निर्माण किया गया, उसको दूर करने का लक्ष्य तय किया। कई चुनौतियों के बीच तय किया कि प्रशासन की पहुंच नीचे तक होनी चाहिए। विकेंद्रीकरण की सिर्फ बातें ही न हों, वास्तव में विकेंद्रीकरण होना चाहिए। इसी कारण हमने 16 से बढ़ाकर 27 जिले कर दिए। गरीबों को ध्यान में रखा। सोशल सेक्टर पर प्राथमिकता से काम किया। 11 साल के बाद गर्व से कह सकता हूं कि छत्तीसगढ़ के साथ बने दो और राज्यों से यह राज्य कहीं आगे निकल गया है।
सवाल: कोई लक्ष्य तो तय किया होगा?
सीएम: अब हम केरल और गुजरात जैसे विकसित राज्यों से कंपीटिशन कर रहे हैं। उनकी बराबरी पर पहुंचना ही हमारा लक्ष्य है। आज छत्तीसगढ़ के पीडीएस को रोल मॉडल माना जा चुका है। 11 राज्य के सीएम इसे देखने आ चुके हैं। तीन और राज्य के सीएम आ रहे हैं। धान खरीदी में राज्य ने देश में सबसे ठोस इंतजाम किया है। जहां कमी है, उसे दूर करेंगे। हर पहलू पर सरकार काम कर रही है।
आगे की स्लाइड में पढ़ें सीएम से जुड़ी बातचीत के अंश