फाइल फोटो: छत्तीसगढ़ से भाजपा के राज्यसभा सांसद नंद कुमार साय।
रायपुर। उत्तर प्रदेश और गुजरात सहित 10 राज्यों में हुए हालिया विधानसभा उपचुनावों में भाजपा के
खराब प्रदर्शन के लिए पार्टी के एक सांसद ने
मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा
सांसद नंद कुमार साय ने कहा कि सरकार महंगाई को काबू में नहीं कर सकी और जनता से किए गए कई वादे भी पूरे नहीं हो सके, इसलिए लोगों ने ऐसा फैसला दिया। साथ ही, उन्होंने
सरकार को अपना कामकाज दुरुस्त करने की भी सलाह दे डाली। हालांकि, बाद में एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत में उन्होंने इस तरह का बयान देने से इनकार किया।
सरकार नहीं कर सकी उम्मीदें पूरी
साय ने गुरुवार को बिलासपुर में कहा, "महंगाई कम नहीं हो सकी। कई और चीजों को भी पूरा नहीं किया गया। जनता को लोगों से कई उम्मीदें थीं। लोगों को शायद लगा कि सरकार ने अच्छा काम नहीं किया है, इसलिए उन्होंने उपचुनाव में पार्टी से सीटें छीनकर सरकार को संदेश देने की कोशिश की।"
जनता ने दिखाया आईना
छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के नेता रह चुके नंद कुमार साय ने कहा, "कभी भी किसी को यह नहीं सोचना चाहिए कि उसने सब कुछ कर दिया है और लोगों के बीच स्वीकार्य है। अगर जनता ने आपको जीत दी है तो वह सरकार की समीक्षा भी करती है। विधानसभा उपचुनाव के नतीजे इस बात को दिखाते हैं।" हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उपचुनाव में भाजपा द्वारा बढ़िया प्रदर्शन नहीं कर पाने को मोदी के जादू से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
बयान से पलटे
साय बाद में अपने बयान से पलट गए। उन्होंने कहा, "मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा था। मैं ऐसा कैसे कह सकता हूं।"