पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नए साल से एक साथ मिल सकता है 3 माह का 105 किलो चावल

नए साल से एक साथ मिल सकता है 3 माह का 105 किलो चावल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(डेमो फोटो )
रायपुर । राज्य सरकार बीपीएल राशन कार्ड वाले सभी 65 लाख परिवारों को नए साल में तीन महीने का चावल एक साथ देने की तैयारी में है। वजह ये बताई जा रही है कि पूरे प्रदेश में चावल रखने के लिए गोदामों की कमी है। इसीलिए शासन की सोच है कि जनवरी, फरवरी और मार्च का 35 किलो प्रति माह के हिसाब से 105 किलो चावल का अलाटमेंट कर दिया जाए।
इससे दो फायदे होंगे। पहला, सभी को एकमुश्त चावल मिल जाएगा और दूसरा, गोदामों में चावल रखने की जगह मिल जाएगी। शासन ने सभी जिलों के कलेक्टरों को आदेश दिए हैं कि तीन महीने का चावल राशन दुकानों को आवंटित कर दिया जाए, ताकि इसे कार्डधारियों तक पहुंचाया जा सके। सूत्रों के अनुसार प्रमुख सचिव खाद्य डा. आलोक शुक्ला ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर कलेक्टरों को इस आशय के निर्देश दिए हैं। इसके बाद सभी जिलों में इस सिस्टम से चावल बांटने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

पूरा चावल बांटना होगा

रायपुर समेत राज्यभर की राशन दुकानों में एक माह का चावल रखने की जगह नहीं है। ऐसे में तीन माह का चावल एक साथ दुकानों में पहुंचा तो दुकानदारों को इसे तुरंत बांटना ही होगा। इसलिए माना जा रहा है कि अगले कुछ दिन में हर कार्डधारी को तीन माह का चावल अर्थात 105 किलो एक साथ दे दिया जाएगा।
बंटेगा 6 लाख टन चावल
राज्य के खाद्य संचालनालय के आदेश पर नागरिक आपूर्ति निगम (नान) लगभग 1 लाख 96 हजार क्विंटल चावल आवंटित करता है। तीन महीने का चावल एक साथ देने पर निगम की ओर से 5 लाख 88 हजार क्विंटल से ज्यादा चावल का आवंटन किया जाएगा।
अपडेट होगा साफ्टवेयर
रायपुर, दुर्ग, महासमुंद और नांदगांव में कोर पीडीएस सिस्टम लागू है। वहां तीन माह के चावल की एंट्री एक साथ करने में दिक्कत आ सकती है। वहां सॉफ्टवेयर अपडेट किया जाएगा। बाकी जिलों में तीन महीने के हिसाब से राशन दुकानों में पहुंचाने की तैयारी है।
नुकसान घटाने की कवायद
गोदामों की कमी के कारण हर साल 50-60 करोड़ रुपए का चावल खराब होता है। जानकारों के मुताबिक तीन माह का चावल एक साथ जारी करने से एक तो यह नुकसान कम होगा। दूसरा, तीन माह का स्टाक एक साथ निकलेगा तो गोदामों में जगह भी बनेगी।
करेंगे 3 महीने का अलॉट
दिसंबर का चावल अलॉट कर दिया गया है। खाद्य संचालनालय चाहेगा तो तीन महीने का चावल भी एक साथ अलॉट कर दिया जाएगा। फैसला संचालनालय ही करेगा।'
अनिल टुटेजा, एमडी, नागरिक आपूर्ति निगम