पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Cabinet Decision, The Doctor Will Now Retire In 65 Years

कैबिनेट में फैसला, डॉक्टर अब 65 साल में होंगे रिटायर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर. रमन सरकार अब केवल इंजीनियरिंग और मेडिकल ही नहीं, बल्कि दूसरे छात्रों को भी लैपटाप और टेबलेट बांटेगी। यह फैसला शनिवार को हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया। डॉक्टरों की रिटायरमेंट की उम्र भी 62 से बढ़ाकर 65 वर्ष कर दी गई है।
इसका लाभ एमबीबीएस और डेंटल के डॉक्टरों को मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बताया कि लैपटाप की योजना मंे बीडीएस, बीएएमएस, बीएचएमएस, दुग्ध प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, एमटेक, एमई., पी-एचडी. (इंजीनियरिंग), एमसीए, बी-आर्क, बी.एससी कृषि/उद्यानिकी, एमएससी /पी-एचडी. कृषि, बी-टेक कृषि, एमटेक कृषि /पी-एच.डी कृषि इंजीनियरिंग, बीयूएमएस, एनआईटी रायपुर तथा केन्द्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के इंजीनियरिंग कॉलेजों के अंतिम वर्ष के छात्रों को लैपटाप दिए जाएंगे। इससे पांच हजार नए छात्र जुड़ेंगे। अब तक मेडिकल और इंजीनियरिंग के 13 हजार छात्र योजना के दायरे में थे।
टेबलेट की योजना में एलएलबी /एलएलएम, बी.एससी नर्सिग, बीपीटी, बीफार्मा, डीफार्मा, एमफार्मा, एमबीए, पत्रकारिता विश्वविद्यालय और पॉलीटेक्निक सहित विधि विवि के अंतिम वर्ष के छात्रों को शामिल कर लिया गया है। अभी आर्ट्स और कॉमर्स के छात्र इसके दायरे में थे। नौ हजार नए छात्रों को मिलाकर इनकी संख्या 49 हजार हो जाएगी।
शिक्षाकर्मियों को शिक्षकों के समान वेतन पर भी मुहर
कैबिनेट में शिक्षाकर्मियों को आठ साल की सेवा पूरी करने पर शिक्षकों के समान वेतन देने का फैसला किया। पिछले दिनों इसका ऐलान किया गया था। सीएम ने बताया कि पहले साल 38 हजार 364 लोगों को वेतनमान का लाभ मिलेगा। बाकी लोगों को 10 प्रतिशत अंतरिम राहत दिया जाएगा। पदोन्नति का पद भरे जाने को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षाकर्मियों के लिए अलग से पद निर्मित किए जाएंगे। इससे नियमित शिक्षकों का प्रमोशन प्रभावित नहीं होगा। शिक्षाकर्मियों को स्वास्थ्य बीमा योजना के स्मार्ट कार्ड भी दिए जाएंगे। इससे वे हर साल 30 हजार तक इलाज मुफ्त करा सकेंगे।
भीड़ देखकर बेचैन हैं कांग्रेसी
विकास यात्रा का पहला चरण पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोल दिया। उन्होंने कहा कि विकास यात्रा में हर जगह उमड़ी भीड़ को देखकर कांग्रेसी बेचैन हो गए हैं। इसीलिए वे विकास यात्रा को विनाश यात्रा बतला रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने निवास में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विकास यात्रा के पहले चरण से स्पष्ट हो गया है कि जिन क्षेत्रों से वे गुजरे हैं हर वर्ग के लोगों ने रिस्पांस दिया। बस्तर में वर्तमान चुनाव परिणाम दोहराए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के कामकाज से वहां लोगों में उत्साह है। यात्रा में आदिवासी महिलाओं की भागीदारी अधिक रही है।
भाजपा के कई नेताओं की विकास यात्रा से दूरी के संबंध में उन्होंने कहा कि नेताओं के क्षेत्र में जब यात्रा पहुंचेगी तो वे भी शामिल होंगे। सारे लोगों को एक जगह पर एकत्र करने के बजाय नेताओं को उनके क्षेत्रों में ही शामिल होने के लिए कहा गया है। इस यात्रा में सुषमा स्वराज, अरुण जेटली और नरेंद्र मोदी को भी बुलाया जा रहा है।
कंेद्रीय मंत्रिमंडल से दो मंत्रियों को हटाए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के विकेट रोज गिर रहे हैं। भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी कांग्रेस किस तरह चल रही है, यह स्पष्ट उदाहरण है। कांग्रेस के बड़े-बड़े लोग इसमें शामिल हैं। भ्रष्ट लोगों को पहले ही हटा देते तो इतना समय व्यर्थ नहीं जाता।
नेताओं की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी
विकास यात्रा के दौरान भाजपा के नेताओं पर नक्सली हमले की आशंका के चलते उनकी सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में डीजीपी और आईजी से बात कर सावधानी बरतने के लिए कहा है।
एक हजार करोड़ के 800 कामों का लोकार्पण व भूमिपूजन
विकास यात्रा के प्रथम चरण में मुख्यमंत्री ने एक हजार करोड़ रुपए के 800 कामों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने इस दौरान किसानों को धान खरीदी का बोनस और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण की शुरुआत की। 1100 किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर उन्होंने 15 विधानसभा क्षेत्रों के लोगों से रूबरू मुलाकात की। उन्होंने आम लोगांे को बताया कि अब तक की उनकी सरकार ने किस तरह राज्य के विकास में भागीदारी निभाई है।
हटाए जाने की आशंका से भयभीत हैं मुख्यमंत्री : कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल और नेता प्रतिपक्ष रविन्द्र चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की विकास यात्रा धोखा है। पुष्प स्टील में पड़े छापे के बाद से मुख्यमंत्री स्वयं को हटाए जाने की आशंका से भयभीत हैं। विकास यात्रा का पिछड़ा वर्ग कल्याण मंच और सर्व आदिवासी समाज ने विरोध किया। विकास यात्रा में भीड़ जुटाने के लिए छत्तीसगढ़ी फिल्मों की अभिनेत्री मोना सेन के लोककला मंच रायपुर को ठेका दिया गया है।