रायपुर. पॉश कालोनियों और घने इलाकों में दिनदहाड़े चोरियों से बेचैन लोगों ने अपने साथ-साथ कालोनियों की सुरक्षा की पहल भी शुरू कर दी है। चौबे कालोनी, गीतानगर, डीडी नजर तथा रोहिणीपुरम जैसी बड़ी कालोनियों में बुधवार को कई सड़कों पर इस एंगल से कैमरे लगाए गए कि आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर दूर तक नजर रखी जा सके। दैनिक भास्कर ने समता कालोनी में हुई बड़ी चोरी के बाद यह मुद्दा लगातार उठाया कि पुलिस के साथ-साथ लोगों को भी अपनी सुरक्षा के इंतजाम खुद करने होंगे।
इसके बाद से ही कालोनियों में लगातार कैमरे लग रहे हैं तथा गार्ड तैनात किए जा रहे हैं। यही नहीं, अब पुलिस अफसरों ने भी कहा है कि कालोनियों में कैमरे भले ही निजी हों, लेकिन पुलिस भी इनकी मदद लेगी। भास्कर टीम ने बुधवार को गीता नगर, चौबे कॉलोनी, डीडी नगर और रोहिणीपुरम का जायजा लिया। सभी कालोनियों की कई सड़कों और गलियों में कैमरे नजर आए। कुछ लोगों ने तो अपने मकान के अलावा घर के सामने भी ऐसे कैमरे लगवा लिए हैं जिनसे उनकी सड़क कवर हो रही है।
डीडी नगर में रिंग रोड से लगे एरिया के चंद्रकांत सक्सेना और साथी पैसे मिलाकर गलियों को कवर करने के लिए कैमरे लगाने की तैयारी कर रहे हैं। एक-दो दिन में यह टीम चार कैमरे लगवा देगी, जो पूरे एरिया को कवर करेंगे। गीता नगर के सुनील जैन ने घर के सामने एक कैमरा इस तरह लगवाया है जो जीई रोड से कालोनी तक आने वाली पूरी सड़क को कवर कर रहा है।
यहीं के कांतिलाल खंडेलवाल के एक मकान के भीतर लगे खंभे में दो कैमरे लगवा दिए हैं, जो सामने की सड़क को दोनों ओर से कवर कर रहे हैं। कई कालोनियों ने भास्कर को फोन पर बताया कि सुरक्षा को लेकर वे कैमरे लगाने की पहल कर रहे हैं। लेकिन उनकी यह मांग भी है कि पुलिस को इस मामले में गंभीर कदम उठाने होंगे।
आगे की स्लाइड में पढ़िए कालोनी को जोड़ेंगे।