रायपुर. आंध्र प्रदेश की नई राजधानी विजयवाड़ा में बसाने से पहले मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने नया रायपुर, नया मंत्रालय का दौरा किया और निवेशकों से बात की। उनकी कलम पूरे समय चलती रही। उन्होंने नया रायपुर के प्रेजेंटेशन पर उत्सुकता दिखाई और जिज्ञासु की तरह सवाल भी दागते रहे।
तीन हवाई जहाजों में नायडू अपना सात सदस्यीय सीएम स्टाफ, सिंचाई मंत्री देवीनेनी उमा व ट्राइबल मंत्री रावेलाकिसोर बाबू, तीन सांसदों वायएस चौधरी, जयदेव गाला तथा सीएम रमेश, अफसरों की टीम और 20 उद्योगपतियों को लेकर पहुंचे। वे सुबह 11 बजे से रात को 10 बजे तक यहां रहे और पूरे वक्त जो देखा सुना उसे नोट करते रहे। पीडीएस, आईटी, नया रायपुर, कमल विहार आदि पर धैर्यपूर्वक प्रेजेंटेशन देखा। फिर सवाल भी पूछे कि ये कैसे किया, क्या दिक्कतें आईं, कितना खर्च आया वगैरह-वगैरह। वे इस बात से भी अचंभित दिखे कि जंगलों व बैकवर्ड एरिए के बावजूद सीजी ने काफी उपलब्धि हासिल की।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पूरे वक्त उनके साथ रहे। मंत्री राजेश मूणत, मुख्य सचिव विवेक ढांड व प्रमुख सचिव एन. बैजेंद्र कुमार व अमन सिंह भी उनके साथ रहे। तीन दर्जन गाड़ियों का काफिला घंटों नायडू को लेकर घूमता रहा। राज्योत्सव स्थल, विधि विश्वविद्यालय में सिटी पार्क भी पहुंचे। वहां पौधा लगाया। कयाबांधा में अंडर ग्रांउड सीवरेज, बिजली व वाटर सप्लाई सिस्टम भी देखा।