रायपुर. पॉलीथिन के केरी बैग के खिलाफ चल रही मुहिम को प्रदेश के एक हजार से ज्यादा स्कूली बच्चों ने एक कदम और आगे बढ़ा दिया है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर के 23 चयनित स्कूलों ने दैनिक भास्कर के अभियान नो-पॉलीथिन पर निबंध प्रतियोगिताएं की हैं, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। हर स्कूल में हुई प्रतियोगिता में एक छात्र को विजेता घोषित किया गया है। तीनों शहरों में निबंध प्रतियोगिता के सभी 23 विजेता छात्रों को राजधानी रायपुर में इसी हफ्ते मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह पुरस्कृत करेंगे।
नो-पॉलीथिन पर निबंध प्रतियोगिता रायपुर के 10, दुर्ग-भिलाई के 7 और बिलासपुर के 6 चयनित स्कूलों में आयोजित की गई थी। सभी स्कूलों ने 7 फरवरी तक प्रतियोगिता कर नतीजे घोषित कर दिए हैं। सभी विजेता छात्रों को इस सप्ताह के अंत तक दैनिक भास्कर के रायपुर कार्यालय में आमंत्रित किया जाएगा। विजेताओं के निबंधों की पांडुलिपियां भी मंगवाई गई हैं। सभी 23 चुनिंदा निबंधों में से एक को प्रदेश स्तर पर विजेता भी घोषित किया जाएगा।
बड़ी संख्या में जुड़े लोग : दैनिक भास्कर कैंपेन में अब तक लगभग डेढ़ लाख स्कूल छात्र जुड़ गए हैं। यह मुहिम स्कूलों से निकलकर कालोनियों, अावासीय परिसरों तथा संगठनों समितियों तक पहुंच गई है।
संबंधित खबर पेज-6 पर
रोजाना सैकड़ों लोग इस मुहिम से जुड़ रहे हैं और पॉलीथिन के केरी बैग का इस्तेमाल नहीं करने का संकल्प ले रहे हैं। वे इस बात की शपथ भी ले रहे हैं कि लोगों को पॉलीथिन के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए जागरुकता अभियान भी चलाएंगे।
इस तरह हुई स्पर्धा
नो-पॉलीथिन पर निबंध प्रतियोगिता के लिए प्रमुख शहरों से 23 स्कूल चयनित किए गए थे। स्पर्धा मिडिल और हाईस्कूल स्टूडेंट्स के बीच हुई। संबंधित स्कूल प्रबंधन ने ही यह प्रतियोगिता आयोजित की। स्कूल स्तर पर ही श्रेष्ठ निबंध का चयन किया गया। 7 फरवरी को शाम तक सभी चयनित स्कूल प्रबंधनों ने अपने विजेता के नाम से दैनिक भास्कर को अवगत कराते हुए संबंधित छात्र के निबंध की पांडुलिपि भेज दी है। इन्हीं छात्रों को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे।