रायपुर. पॉलीथिन केरी बैग के खिलाफ मुहिम छेड़ते हुए डिग्री कॉलेज की एनसीसी और एनएसएस की छात्राओं ने शपथ ली। साथ ही उन्होंने दूसरों को भी पॉलीथिन केरी बैग उपयोग न करने को लेकर जागरूक करने का संकल्प लिया। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए भास्कर के नो-पॉलिथीन कैंपेन से जुड़कर शहर को साफ-सुथरा रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की बात कही।
छात्राओं की इस मुहिम में कॉलेज के प्रिंसिपल समेत अन्य शिक्षकों ने पॉलीथिन केरी बैग का इस्तेमाल न करने की शपथ ली। इसके साथ राठौर चौक स्थित निवेदिता प्राथमिक शाला के 100 से ज्यादा बच्चों ने इस मुहिम से जुड़ते हुए शपथ ली। इसके अलावा सेजबहार कॉलाेनी के सौ से ज्यादा रहवासियों ने भी पॉलीथिन का उपयोग न करने को लेकर संकल्प लिया। भास्कर के नो पॉलीथिन कैंपेन में स्कूली बच्चे और रहवासियों के जुड़ने का क्रम जारी है। इस मुहिम में अब स्कूली बच्चों के साथ कॉलेज के छात्र भी जुड़ रहे हैं। इसी क्रम में शासकीय डिग्री गर्ल्स कॉलेज की एनसीसी और एनएसएस की करीब 300 छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे अब खुद पॉलीथिन केरी बैग का उपयोग करेंगी। इसके साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगी।
कार्यक्रम के शुरुआत में संजय आप्टे ने छात्रों को पॉलीथिन केरी बैग के कारण अाई केदारनाथ
त्रासदी और पर्यावरण से हो रहे खिलवाड़ को लेकर आंखों देखी बातें बताई। उन्होंने कहा कि हम गाय की पूजा करते हैं लेकिन हमारे द्वारा फेंके गई पॉलीथिन-झिल्ली के कारण ही आज गाय की मौत हो रही है। इस तरह से हम गौ हत्या के भागीदार बन रहे हैं।
इसे लेकर अगर हम आज सचेत नहीं हुए तो देर हो जाएगी। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता शुभांगी आप्टे ने बताया कि वे पिछले ढाई साल से लोगों को पकड़े का थैला देकर उन्हें पॉलीथिन केरी बैग के उपयोग न करना का संदेश दे रही है। उन्होंने कहा कि आज वे आप को कपड़े का एक थैला दे रही हैं, आप अपने एक दोस्त को भी ऐसा एक गिफ्ट कीजिए। आज कई लोग उनके इस प्रयास में जुड़ रहे हैं।
बच्चों ने कहा- थैला ले जाएंगे
राठौर चौक स्थित निवेदिता प्राथमिक शाला के 100 से ज्यादा बच्चों ने शपथ ली कि वे अब पॉलीथिन केरी बैग का उपयोग नहीं करेंगे। स्कूल के शिक्षकों ने बच्चों को समझाया कि वे अब पॉलीथिन केरी बैग की जगह कपड़े या जूट का थैला उपयोग करें। घर के लोगों को भी समझाएं कि वेे पॉलीथिन झिल्ली देने पर उन्हें साफतौर पर मना कर दें। बच्चों ने एक स्वर में कहा कि वे अब दुकान घर से थैला लेकर ही जाएंगे।
प्रिंसिपल ने दिलाई शपथ
कॉलेज के प्रिंसिपल अरविंद गिरोलकर ने बच्चों और शिक्षकों को नो पॉलीथिन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा ये छात्राएं वाकई में पर्यावरण-प्रेमी है। कॉलेज को साफ रखने में इन छात्राओं ने काफी अहम योगदान दिया है। मुझे उम्मीद ही नहीं पूरा विश्वास है कि ये छात्राएं शहर को साफ रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। वे भास्कर की मुिहम से जुड़ेंगी।
इस शपथ समारोह में एनसीसी विंग की हेड डॉ शंपा चौबे और एनएसएस विंग की हेड डॉ वासु वर्मा ने भी भाग लेते हुए छात्राओं को इस मुहिम से जुड़ने की बात कही।
आगे की स्लाइड में पढ़िए प्रतिबंध से महिलाओं को मिला नया रोजगार।