रायपुर। नो-पॉलीथिन कैंपेन अब स्कूली बच्चों से लेकर घरों में बड़े-बुजुर्गों तक पहुंच गया है। सब खुद तो इसका इस्तेमाल नहीं करने का संकल्प ले ही रहे हैं, नजदीकी लोगों को भी इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं। सोमवार को देवेंद्रनगर स्थित श्री गुजराती स्कूल के बच्चों ने शपथ ली कि वे अब पॉलीथिन केरी बैग का उपयोग नहीं करेंगे। उधर, सेजबहार हाउसिंग बोर्ड कालोनी के लोगों ने भी संकल्प लिया कि वे पॉलीथिन केरी बैग का इस्तेमाल नहीं करेंगे तथा लोगों को इसके लिए जागरुक भी करेंगे।
देवेन्द्रनगर स्थित श्री गुजराती उच्चतर माध्यमिक शाला (हिंदी) के लगभग 800 बच्चों में नो-पॉलीथिन के संकल्प को लेकर खासा उत्साह नजर आया। श्री गुजराती समिति के सचिव जयंतीभाई पटेल ने बच्चों को नो-पॉलीथिन की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि केवल लोगों की एक आदत की वजह से पर्यावरण को नुकसान हो रहा है तथा मवेशियों की जान पर बन आई है। प्रिंसिपल मनोरमा शर्मा सहित अन्य शिक्षकों ने भी संकल्प लिया कि वे अब पॉलीथिन केरी बैग का उपयोग नहीं करेंगे।