पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कांग्रेस की आधी रात जारी सूची में 19 पार्षदों के टिकट कटे, युवकों का हंगामा

कांग्रेस की आधी रात जारी सूची में 19 पार्षदों के टिकट कटे, युवकों का हंगामा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर। टिकट वितरण को लेकर लगातार हंगामे के बीच कांग्रेस ने रविवार को आधी रात राजधानी के 70 वार्डों के उम्मीदवारों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी। पार्टी ने आरक्षण तथा अन्य कारणों से 19 पार्षदों के टिकट काट दिए हैं। नौ पार्षदों को रिपीट किया गया है। दो-तीन जगह मौजूदा पार्षदों की पत्नी को टिकट दिया गया तो 58 नए चेहरों पर दांव लगाया गया है। कुछ दिग्गज पार्षद ऐसे थे जिनके टिकट आखिरी वक्त पर काटे गए। उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद टिकट कटने से नाराज लोगों ने आधी रात कांग्रेस भवन में तोड़फोड़ तथा हंगामा किया।
पहले चरण के नामांकन पत्र दाखिल करने का सोमवार को अंतिम दिन है। कांग्रेस ने उससे ठीक एक दिन पहले उम्मीदवारी घोषित की। कल रात तक माना जा रहा था कि कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची रविवार को दोपहर तक जारी हो जाएगी, लेकिन सहमति नहीं बनने तथा कुछ वार्डों में भारी माथापच्ची के कारण सूची फाइनल करते-करते रात हो गई। सूची जारी होने की उम्मीद से कांग्रेस भवन में सुबह से देर रात तक नेताओं और कार्यकर्ताओं का मजमा लगा रहा। कई लोग कांग्रेस भवन और आसपास ही अपने नामांकन फार्म भरते देखे गए।
उम्मीदवार के नाम तय करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी आला नेता रविवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कांग्रेस भवन के बजाय राजकुमार कालेज में इकट्ठा हुए। वहां नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव के आवास में बैठक शुरू हुई जो बिना रुके शाम साढ़े 7 बजे तक चलती रही। इस दौरान करीब दो घंटे में नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्षों की सूची जारी कर दी गई। दोपहर करीब ढाई बजे से रायपुर के पार्षद प्रत्याशियों की सूची पर मंथन शुरू हुआ। यह रात करीब पौने 8 बजे फाइनल की जा सकी।

गोपनीय जगह बनी सूची
पार्षद उम्मीदवारों की सूची शाम तक फाइनल होने के बाद होने के बाद रायपुर शहर अध्यक्ष सूची लेकर गायब हो गए। इस दौरान उन्होंने अपना मोबाइल भी बंद कर दिया। कार्यकर्ता उन्हें ढूंढते रहे, लेकिन वे कहीं नहीं मिले। इस बीच उनके कार्यालय और कांग्रेस भवन वाले दफ्तर में लोगों की भीड़ बढ़ गई।

लोग यही जानने की कोशिश करते रहे कि किसका टिकट कटा और किसे मिला। माना जा रहा है कि कांग्रेस नेताओं ने सूची जारी होने के बाद हंगामे और विवाद की आशंका के मद्देनजर ही प्रत्याशियों की सूची आधी रात के बाद जारी की। फिर भी हंगामा हो ही गया।
कुर्सियां तोड़ीं, बल्ब फोड़े

पार्षद प्रत्याशियों के नाम के ऐलान के बाद कथित कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन में तोड़फोड़ की। रात 12 बजे दर्जनभर कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष विकास उपाध्याय के विरोध में नारेबाजी करते हुए पहुंचे। वहां मीडिया कक्ष के सामने रखी प्लास्टिक कुर्सियों को तोड़ने लगे। थोड़ी देर में मीडिया पहुंचा तो युवक ट्यूबलाइटें भी फोड़ने लगे। उस वक्त कांग्रेस भवन में ताला लगा था, दूसरे तरफ का शटर खुला था। तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और शटर को बंद कराया।
गुस्साए युवकों ने कहा कि पांच साल से वार्ड में तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उनकी जगह बाहरी लोगों को टिकट दे दिया गया।
अधिकांश नाम तय किए पांच नेताओं ने

राजधानी के सभी वार्डों के प्रत्याशियों के चयन में कांग्रेस के पांच वरिष्ठ नेताओं की भूमिका ही सबसे महत्वपूर्ण रही। इनमें प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, विधायक धनेंद्र साहू और सत्यनारायण शर्मा तथा पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी रविवार की बैठक में नहीं थे, लेकिन उनके नाम समिति के पास थे। सूत्रों के अनुसार नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव शनिवार की बैठक में तो शामिल थे, लेकिन रात में ही वे अंबिकापुर रवाना हो गए।