रायपुर. ग्रामीण एवं पंचायत विकास मंत्री अजय चंद्राकर को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग को लेकर अब बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस की इस मांग पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को सबसे पहले अरबों रुपए के घोटाले में घिरे प्रधानमंत्री से इस्तीफा मांगना चाहिए।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शिवरतन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने राज्यपाल से जो मांग की है वह पूरी तरह गलत है। देश की सबसे बड़ी अदालत ने प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी की है, इस वजह से उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। पंचायत मंत्री अजय चंद्राकर न्यायपालिका का सम्मान करते हैं।
उन्होंने बताया कि 2008 में कांग्रेस के तत्कालीन छत्तीसगढ़ प्रभारी और केंद्रीय मंत्री वी नारायणसामी ने भी कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनी तो अजय चंद्राकर को जेल भेजा जाएगा। बाद में इसी मामले में केंद्रीय मंत्री ने लिखित में माफी मांगी थी। राज्य की जनता ने कांग्रेस को 15 साल के लिए प्रदेश से निकाल दिया है। भूपेश बघेल की बदजुबानी इस अवधि को और बढ़ाएगी।