(नया रायपुर के परसदा स्टेडियम पहुंचने में लोगों को काफी मुसीबत उठानी पड़ी।)
रायपुर. कीचड़ से भरे खेत में पार्किंग। स्टेडियम का सफर डेढ़ किमी का। ऐसे में नया रायपुर के परसदा स्टेडियम में चैपियंस लीग के मैच देखने के लिए पहुंचे रहे लोगों को काफी मुसीबत उठानी पड़ रही है। मंगलवार को यहां करीब 40 हजार से ज्यादा दर्शक पहुंचे। रात को मैच खत्म होने के बाद लोगों को अंधेरे में भी नयापारा की पार्किंग तक आना पड़ता है।
दोपहर से ही लोग चैंपियंस को चीयर करने परसदा स्टेडियम पहुंचने लगे। बारिश के कारण लोगों को स्टेडियम पहुंचने में थोड़ी परेशानी जरूर हुई, लेकिन स्टेडियम पहुंचने के
बाद सबने मैच और माहौल दोनों एंजॉय किया। युवाओं के कई ग्रुप एक जैसे कलर के कपड़ोंं में पहुंचे। भीड़ में जुदा नजर आने के लिए किसी ने मलिंगा कैप पहनी तो किसी ने पूरे चेहरे पर तिरंगा प्रिंट करा लिया। मंगलवार को दोपहर 4 बजे से शुरू हुए लाहौर लायंस और सदर्न एक्सप्रेस के मैच में लोग कम दिखे, लेकिन मुंबई इंडियस और नॉर्दर्न नाइट के मुकाबले में स्टेडियम भरा नजर आया। मिस यू सचिन के पोस्टर के साथ लोगों ने सचिन को खूब मिस किया।
चीयरलीडर्स ने बढ़ाया जोश
हाथ में तिरंगा और पोस्टर थामे लोगों और चीयरलीडर्स ने खिलाड़ियों का जोश बढ़ाया। वहीं, ट्रैफिक जाम से बचने के लिए, बहुत से लोग पहले मैच की दूसरी इनिंग के समय पहुंचे और दूसरे मैच की पहली इनिंग देखकर चले गए।
मैच देखने के पहले हुई शॉपिंग
मैच देखने के पहले लोगों ने खूब शॉपिंग भी की। कलरफुल बालों का विग, टीम को चीयर करने वाले कोट लिखे हुए रिबन , फ्लैग, टीशर्ट खरीदते हुए लोगों ने स्टेडियम में एंट्री ली। बड़े चश्मे और व्हिसल जैसे कई चीयरिंग प्रोडक्ट भी लेकर आए।
ग्रुप में पहुंचकर की ढेर सारी मस्ती
कॉलेज स्टूडेंट्स दोस्तों के साथ ग्रुप में मैच देखने पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने जमकर मस्ती की। चौके छक्के लगते ही ये डांस करने लगते। क्रिकेटर्स के नाम से एक दूसरे को खूब टीज भी किया। मलिंगा और
हरभजन सिंह को देखने के लिए स्टूडेंट्स क्रेजी रहे। गर्ल्स ने भी इनकी दीवानगी में खूब हूटिंग की।
टिकट एक फिर भी नहीं देखा दो मैच
मंगलवार को हुए दोनों मैच के लिए एक ही टिकट थी, लेकिन फिर भी लोगों ने एक ही मैच देखा। अपनी सुविधा के हिसाब से कुछ लोग सुबह का मैच देखने पहुंचे, तो कुछ 4 बजे से होने वाले मुंबई इंडियंस और नॉर्दर्न नाइट्स के मैच का मजा लेने आए।
कैमरा देखते ही करने लगे हाय
जिन लोगों के फैमिली मेंबर मैच देखने गए थे। वे टीवी स्क्रीन पर मैच देखते हुए उनकी एक झलक का इंतजार करते रहे। हालांकि, बहुत कम ही लोग अपने फैमिली मेंबर्स को स्क्रीन पर देख पाए। लेकिन स्टेडियम में जैसे ही कैमरा उनकी ओर जाता, लोग हाथ हिलाकर जोर से हाय करते।
प्रिंट करवाए टैटू, लिखा इंडिया
भीड़ में दूसरों से जुदा दिखने के मकसद से लोगों ने कई तरह के टैटू प्रिंट कराए। स्टेडियम में बच्चों से लेकर बड़ों तक में सेल्फी क्लिक करने का क्रेज देखने को मिला। स्टेडियम कवर करते हुए अलग अलग एंगल से लोग फैमिली फ्रेंड्स के अलावा सिंगल पिक्स क्लिक करते रहे। चीयरिंग एसेसरीज के साथ एंजॉय मूड में खूब फोटो क्लिक कराए गए।
डांस के साथ की हूटिंग
चौके-छक्के पर झूमने के अलावा युवाओं के ग्रुप ने जमकर हूटिंग भी की। नेटवर्क नहीं मिलने के कारण व्हाट्सएप और
फेसबुक में स्टेटस और लाइव फोटो क्लिक करने में भी लोगों को परेशानी हुई। अपडेट नहीं होने की वजह से यंग गर्ल्स और बॉयज मायूस भी हुए। लेकिन जैसे ही नेटवर्क मिलता, फोटो अपडेट होती उनके चेहरे पर खुशी आ जाती। बीच बीच में वे लाइक और कमेंट भी चेक करते रहे।
बच्चों को रास्तेभर संभालती रहीं मम्मियां
स्टेडियम तक पहुंचने का रास्ता बारिश के कारण बेहद खराब हो गया था। कई लोग इसमें फिसलकर गिर भी गए। ऐसे में कई मम्मियां अपने बच्चों को इस तरह संभालते हुए स्टेडियम लेकर पहुंचीं।
रात में ढूंढते रहे गाड़ियां और ढाबा
देर रात मैच के बाद निकल रहे लोगों को पार्किंग में काफी कंफ्यूजन हुआ। कई लोगों को गाड़ी ढूंढने में ही एक घंटे लग गए। यंगस्टर्स मैच के बाद खाना खाने के लिए देर रात तक खुले रहने वाले ढाबे खोजते रहे।