पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

डेंगू और मलेरिया का खतरा, आज शहर के चार सेक्टरों में लगेंगे शिविर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर. राजधानी में डेंगू से अब तक कई जानें जा चुकी है। इसे देखते हुए शासन ने डेंगू और मलेरिया को रोकने के लिए शहर के हर वार्ड में स्वास्थ्य शिविर लगाने का फैसला लिया है। इन शिविर में लोगों के स्वास्थ्य की जांच के साथ ही बीमारियों से रोकथाम के उपाय भी बताए जा रहे हैं। गुरुवार 25 सितंबर को बड़ा अशोक नगर, पंडरी सीटी, कुंदरापारा बैरनबाजार, भीमनगर में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
गौरतलब है कि एक दिन में चार सेक्टरों में शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर की शुरुआत 2 सितंबर को नर्मदापारा, लोधीपारा, हमीद नगर, डूमरतालाब से हुई थी। शहर में लगाए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों में लोगों की काफी भीड़ रही है। यहां लोगों के ब्लड सैंपल लिए जा रहे है।
इसी कड़ी में 26 सितंबर को छोटा अशोक नगर, खमारडीह, बांसटाल नयापारा, कंकालीपारा धोबी पारा, 29 सितंबर को मुराभट्ठी, जगन्नाथ नगर, लक्ष्मीनगर, न्यू चंगोराभाठा और 30 सितंबर को हनुमान नगर, गांधीनगर एवं कालीनगर, गभरापारा, रायपुरा में शिविर आयोजित किया जाएगा। शासन ने शहर को 84 सेक्टरों में बांट कर हर सेक्टर में शिविर के आयोजन के लिए प्रभारी अधिकारियों की भी नियुक्ति की है।

अब हजारों लोगों के ब्लड सैंपल लिए : मलेरिया की जांच के लिए अब तक करीब 15 हजार लोगों के ब्लड सैंपल लिए जा चुके हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने 10724 कूलरों, 9730 टंकियों, 2822 गमलों और 558 टायरों में जमे पानी को खाली करवाया है।
डेंगू के लक्षण दिखे तो जांच जरूरी
स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों ने बताया कि जिन लोगों को भी डेंगू के लक्षण जैसे अचानक तेज सिर दर्द, बुखार आए, मांसपेशियों तथा जोड़ों में दर्द हो या फिर आंखों को घुमाने में दर्द का अहसास, उल्टी होना या फिर नाक, मुंह, मसूड़ों से खून आने की शिकायत हो तो तत्काल डॉक्टर की जांच करवाएं। मलेरिया और डेंगू के उपचार के लिए जिला और अंबेडकर अस्पताल में विशेष सेल बनाया जाएगा। यहां मरीजों की निशुल्क जांच और उपचार का काम किया जाएगा।