रायपुर. मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए लोगों की परेशानी कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। नगर निगम के 70 वार्डों के साथ ही तहसील दफ्तर में सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। निगम के 70 मतदान केंद्रों में 30 से ज्यादा जगहों पर कर्मचारी ही नहीं पहुंच रहे हैं। निगम कर्मचारियों की ड्यूटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में लगाने की वजह से मतदान केंद्रों में आवेदन लेने के लिए कोई नहीं मिल रहा है। इससे लोगों को आवेदन लेने और देने के लिए जगह-जगह भटकना पड़ रहा है।
शहर के अधिकतर जगहों पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन पत्र ही नहीं मिल रहे हैं। छपाई समय पर नहीं होने की वजह से आवेदन पत्रों की किल्लत हो रही है। कई जगहों पर फोटो कॉपी से काम चलाया जा रहा है। दैनिक भास्कर ने इससे पहले भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए हो रही दिक्कतों को लेकर खबर प्रकाशित की थी। भास्कर ने जिन मतदान केंद्रों में कर्मचारी नहीं होने की जानकारी दी थी वहां तत्काल कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है, लेकिन बाकी जगहों पर अब भी कर्मचारी और अफसर नहीं पहुंच रहे हैं। वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए केवल 22 सितंबर तक ही आवेदन लिए जाएंगे इसके बाद सूची सुधारने का काम होगा। राजधानी में 23 सितंबर तक आईसीएल के मैच होने की वजह से लोगों को मतदान केंद्रों में कर्मचारी ही नहीं मिल रहे हैं। इस वजह से भी लोगों की परेशानी और बढ़ रही है।
काउंटर-काउंटर भटक रहे लोग
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए तहसील पहुंचने वाले लोगों को काउंटर-काउंटर भटकाया जा रहा है। काउंटर में तैनात कर्मचारी फॉर्म देने के लिए भी आनाकानी करते हैं। जो लोग पहले से फॉर्म जमा कर चुके हैं वे पावती लेकर इस बात की जानकारी लेने भटकते रहते हैं कि उन्हें वोटर आई कार्ड कहां से मिलेगा।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए निगम कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वे इस काम में लापरवाही बरत रहे हैं तो उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन शाखा के अफसर अब खुद मतदान केंद्रों की जांच कर व्यवस्था की निगरानी करेंगे। संजय अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी