(सांकेतिक फोटो)
डोंगरीडीह. रायपुर. कसडोल ब्लॉक के करदा में शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे कच्चे मकान की दीवार गिरने से एक ही परिवार के दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि इस घटना में एक साल का बच्चा गंभीर है। उसे रायपुर के अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीण संतोष कुमार जांगड़े ने बताया कि उसके भाई की पत्नी जामबाई (25) अपने 6 माह के पुत्र शनि को घर के बाहर बने चबूतरे पर लेकर बैठी थी। वहां उसकी ननद फून्द्री बाई (25) भी अपने एक साल के बेटे गणेश जांगड़े के साथ मौजूद थी। इस बीच मिट्टी की दीवार का ऊपरी हिस्सा भरभरा कर गिर गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला। जामबाई व उसके पुत्र शनि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फून्द्री व उसके बेटे गणेश को गंभीर चोट पहुंची। दोनों को 7 किमी दूर कसडोल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गणेश को अंबेडकर अस्पताल रेफर कर दिया गया। कसडोल से लौटते वक्त डोंगरीडीह के समीप फून्द्री बाई ने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि संजीवनी एक्सप्रेस कॉल करने के डेढ़ घंटे बाद आई। कसडोल विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने मृतकों के परिजनों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए देने की घोषणा की है। गणेश के उपचार का खर्च भी शासन उठाएगा।