पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • If Anybody Incomplete Road Somebody Complained Factories, Received 93 Petitions In Jndrshn

किसी ने अधूरी सड़क तो किसी ने फैक्ट्रियों की शिकायत की, जनदर्शन में मिले 93 अर्जियां

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर. एक बार फिर कलेक्टोरेट में सोमवार को फरियादियों की भीड़ जुटी। फरियादियों ने कलेक्टर से मिलकर अपनी समस्याएं रखी। किसी ने सड़क ठेकेदार तो किसी ने पावर प्लांट के खिलाफ कलेक्टर से शिकायत की। बंद होकर फिर शुरू हुए जनदर्शन में राशन कार्ड नहीं मिलने को लेकर भी शिकायतें पहुंचीं। सोमवार को कलेक्टर ठाकुर राम सिंह ने जनदर्शन के तहत मंथन सभाकक्ष में फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना।
उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों को समस्याएं दूर करने के निर्देश भी दिए। ग्राम पंचायत भर्कुरा नवापारा के सरपंच एवं ग्रामवासियों ने कलेक्टर को बताया कि मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत भर्कुरा से नवापारा कपसिया कला तक बनाई जा रही सड़क अधूरी छोड़ दी है। इससे आने-जाने में परेशानी हो रही है। बारिश में यह रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है। कलेक्टर ने सड़क के शेष कार्य को शीघ्र पूरा कराने के लिए जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए। तखतपुर के ग्राम गिरधौना निवासी चैतराम सिंगरौल दूसरी बार गांव में ट्रांसफार्मर लगाने के लिए अर्जी देने पहुंचा।
उसने विद्युत विभाग द्वारा कोई कार्यवाही नहीं करने की शिकायत की तो कलेक्टर ने अधिकारियों को ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए। मस्तूरी इलाके के ग्राम रलिया निवासी हनुमान चंद्राकर ने कलेक्टर को बताया कि उसके पास 1.89 एकड़ खेत है। उसमें पावर प्लांट के लिए बलपूर्वक टॉवर निर्माण किया जा रहा है। उसके खेत में मटर की फसल लगी है। यदि टावर निर्माण किया गया तो उसका नुकसान होगा। कलेक्टर ने एसडीएम को मामले की जांच कर जरूरी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। तखतपुर इलाके के ग्राम राजपुर निवासी अनिल तिवारी के पैतृक जमीन पर बलपूर्वक कब्जा कर लिया गया है। कलेक्टर ने एसडीएम कोटा को लंबित प्रकरण का नियमानुसार जल्द ही निराकरण करन कहा।
ग्राम गढ़वट निवासी एवसराम कश्यप ने फरियाद किया कि उसने सहकारी बैंक बाम्हू से कर्ज लिया था। अब वह राशि पटाने में असमर्थ है इसलिए उसका कर्ज माफ किया जाए। इस संबंध में कलेक्टर ने केन्द्रीय सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिया। देवरीखुर्द निवासी सुनिल भोई ने बताया कि उसके गांव में कई वर्ष पूर्व से पानी टंकी बना है किंतु उसे अब तक चालू नहीं किया गया है। जिसमें गर्मी में पेयजल की बहुत समस्या होती है। उसने टंकी चालू न होने की स्थिति में सीधे ही पाइप लाइन जोड़ने की मांग की। कलेक्टर ने पीएचई के कार्यपालन यंत्री को बुलाकर निर्देशित किया कि उक्त मामले पर तत्काल देखें और गांव वालों की पेयजल समस्या दूर करें।
इसी तरह जमीन अधिग्रहण का उचित मुआवजा दिलाने, जमीन का पट्टा, सीमांकन, बलात् कब्जा हटाने, स्मार्ट कार्ड बनाने, आवास मुहैय्या कराने आदि से संबंधित अर्जियां आई। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज बंसोड़, नगर निगम आयुक्त अवनीश शरण, अतिरिक्त कलेक्टर नीलकण्ठ टेकाम, एसडीएम क्यूए खान, राजेन्द्र गुप्ता सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
पटवारी की शिकायत
ग्राम नेवरा की विधवा महिला जरीना सिद्दकी के मुताबिक उसके स्वर्गीय पति के नाम की भूमि का नामांतरण डेढ़ साल बाद भी नहीं हो सका है। उसने तहसील में डेढ़ वर्ष पूर्व आवेदन दिया था, लेकिन पटवारी द्वारा आज तक प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है। इसलिए नामांतरण नहीं हो रहा है और वह बहुत परेशान है। कलेक्टर ने एसडीएम कोटा को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।