पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Insurgents Attack Two Men Killed, Two Injured

नक्सली हमले में दो जवान शहीद, दो घायल

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर/सुकमा/जगदलपुर. किस्टाराम थाना से तीन किमी दूर बुधवार की सुबह करीब 11 बजे नक्सली हमले में सीएएफ के दो जवान शहीद हो गए। वहीं प्लाटून कमांडर व एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया। हमलावर जवानों की एक एके 47 एवं एक एसएलआर रायफल भी लूट ले गए।
पुलिस के मुताबिक बुधवार की सुबह यहां तैनात सीएएफ की 13 वीं बटालियन की ए कंपनी की एक टुकड़ी के जवान कैंप से तीन किमी दूर सिंगारम के जंगल में लकड़ी लेने गए थे। नक्सलियों को उनके वहां पहुंचने की भनक लग गई और वे उनका इंतजार करने लगे। इससे पहले की जवान खतरे को भांप पाते तारलागुड़ा नाले के पास घात लगाए नक्सलियों ने पहले क्लेमोर माइन विस्फोट किया। इसके बाद अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।
विस्फोट से कांस्टेबल परशुराम नेताम के माथे पर गंभीर चोटें आईं और हेड कांस्टेबल रामनारायण पेट में गोली लगने से बुरी तरह जख्मी हो गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परशुराम फरसगांव थाना के सिवनाभाटा और रामनारायण जशपुर के दरिमा थाना का रहने वाला है। हमले में प्लाटून कमांडर भागवत बघेल और हेड कांस्टेबल रामबहार पटेल घायल हो गए। दोनों भिलाई के रहने वाले हैं। गोलीबारी बंद होने के बाद जवानों के शवों और घायलों को थाने लाया गया।
कांस्टेबल घायल
नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर थाना में बुधवार की सुबह पिस्टल साफ करते वक्त अचानक गोली चल जाने से डीएफ का जवान 30 वर्षीय राजेश सोरी घायल हो गया। गोली उसके दाहिने पैर को चीरते हुए पार निकल गई।