रायपुर। राजधानी की जिला पंचायत में कांग्रेस का अध्यक्ष बनने की प्रबल संभावनाओं को ध्यान में रखकर अब जोड़तोड़ की राजनीति तेज होने लगी है। रायपुर जिला पंचायत के 16 में से 10 सदस्यों के साथ कांग्रेस का साफ बहुमत है। भाजपा के 5 सदस्य ही जीते हैं, एक निर्दलीय है। लेकिन सूत्रों के अनुसार भाजपा ने 10 सदस्यों को अपने पक्ष में रखने के टारगेट पर काम शुरू किया है। जाहिर है, पार्टी की नजर कांग्रेस के तीन-चार सदस्यों पर है। इससे अलर्ट कांग्रेस ने अपने सदस्यों को बाहर भेजने का प्लान बना लिया है, ताकि तोड़फोड़ न हो सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने के लिए कांग्रेस और भाजपा, दोनों के ही नेता सक्रिय हो गए हैं। भाजपा ने अशोक शर्मा को रायपुर प्रभारी बनाया है, लेकिन धरसींवा विधायक देवजी पटेल भी जुटे हुए हैं। कांग्रेस ने धमतरी के विधायक गुरमुख सिंह होरा को जिम्मेदारी सौंपी है। सदस्यों को एकजुट करने का काम ग्रामीण अध्यक्ष नारायण कुर्रे कर रहे हैं। रायपुर का अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित होने की वजह से कांग्रेस से संतोषी पप्पू बंजारे, पुष्पा यशवंत बंजारे और दुर्गेश नंदिनी वर्मा का नाम सामने आ रहे हैं। भाजपा से दुलारी चतुर्वेदानी दौड़ में सबसे आगे हैं।
पुरी, महाराष्ट्र की यात्रा: अध्यक्ष पद के लिए आवश्यक बहुमत जुटाने के लिए भाजपा नेता दस सदस्यों को जगन्नाथ पुरी ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। इन्हें चुनाव होते तक वहीं रखा जाएगा। इसी तरह कांग्रेस अपने समर्थित सदस्यों को महाराष्ट्र ले जाने की तैयारी कर रही है। जिला पंचायत के अलावा अपना जनपद अध्यक्ष बनवाने के लिए भी गांवों में राजनीति तेज हो गई है। दोनों पार्टियों के नेता हर दिन पंचायतों के बड़े नेताओं से मिल रहे हैं। वे जनपद सदस्यों को एकजुट कर रहे हैं।
ये हैं सभी 16 सदस्य: जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में लता साहू, सविता चंद्राकर, ढालेन सिंह वर्मा, दुलारी चतुर्वेदानी और धनेंद्र कुमार साहू भाजपा से जुड़े हैं। संतोषी पप्पू बंजारे, पुष्पा यशवंत बंजारे, नवीन अग्रवाल, दुर्गेश नंदिनी वर्मा, शीला दीदी, पीयूष कोसरे, शारदा देवी वर्मा, द्वारिका साहू, कुसुमलता साहू और इतवारी माण्डले कांग्रेस समर्थित हैं। दयाराम निषाद निर्दलीय हैं।
अध्यक्ष चुनाव 16 को
जिला पंचायत का अध्यक्ष चुनने के लिए 9 फरवरी को अधिसूचना जारी की जाएगी। 16 फरवरी को जिला पंचायत के सभागार में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। चुनाव के लिए कलेक्टर ने अपर कलेक्टर महादेव कांवरे को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है। उनकी मदद के लिए आरबी विश्वकर्मा को सहायक पीठासीन अधिकारी बनाया गया है। पीठासीन अधिकारी कांवरे ने बताया कि निर्वाचन के बाद 23 फरवरी को पंचायत के नवनिर्वाचित सदस्यों की पहली सामान्य सभा आयोजित की जाएगी। इसी तरह जिले के सभी ब्लॉक में जनपद पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव 13 फरवरी को होगा।