पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कहर बनता जा रहा पीलिया, हीरापुर के बाद अब ब्राम्हणपारा में फैला

कहर बनता जा रहा पीलिया, हीरापुर के बाद अब ब्राम्हणपारा में फैला

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर। हीरापुर आरडीए कॉलोनी के बाद ब्राह्मणपारा में भी पीलिया फैलने लगा है। ब्राह्मणपारा में पिछले दो दिन में पीलिया के 12 मरीज मिले हैं। शनिवार को नौ संदिग्ध मरीजों के ब्लड का सैंपल लेकर जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इस पूरे इलाके में भी गंदे पानी की सप्लाई होने का अंदेशा है। शहर में एक के बाद एक अलग-अलग इलाकों में पीलिया फैलने से निगम प्रशासन में खलबली है। शनिवार को दो बार आपात बैठक बुलाकर बचाव के उपायों पर मंथन हुआ।
इधर, लगातार प्रयास के बावजूद हीरापुर में पीलिया बेकाबू होता जा रहा है। शनिवार को 120 संदिग्ध मिले हैं। उनका ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। इतनी बड़ी संख्या में संदिग्ध मिलने से प्रशासनिक अमले में बेचैनी बढ़ गई है। जांच में पता चला है कि हीरापुर में शनिवार को जिस महिला की मौत हुई, उसके मकान में नगर निगम का पानी आ रहा था। महिला निगम के गंदे पानी के कारण पीलिया से पीड़ित हुई थी। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पानी गंदा व बदबूदार आने की शिकायत कुछ दिन पहले अधिकारियों से की गई थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।

पानी के लिए मारामारी
हीरापुर में शनिवार टैंकर से पानी लेने के लिए अफरा-तफरी मची रही। लोग बर्तन लेकर पहुंचे थे, लेकिन कई लोगों को खाली बर्तन लेकर लौटना पड़ा। स्थानीय रहवासी
हेमंत क्षत्री ने बताया कि नगर
निगम से दो टैंकर पानी की मांग की जा रही है, लेकिन इस मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। केवल एक टैंकर पानी भेजा जा रहा है। इस वजह से कुछ लोगों को रोज पानी नहीं मिल पा रहा है।
गौरतलब है कि पीलिया फैलने के बाद संपवेल से पानी सप्लाई बंद कर दी गई है। इससे 800 से
ज्यादा फ्लैट के रहवासियों को एक टैंकर के भरोसे रहना पड़ रहा है। आरडीए पाइप लाइन बदल रहा है। जर्जर और पुरानी लाइन तलाश की जा रही है।
पाइप लाइन बदलने की मांग
ब्राह्मणपारा के पार्षद आकाश दुबे ने बताया कि पिछले तीन दिनों में 12 मरीज मिल चुके हैं। सतबहिनिया मंदिर में द्वारिका देवांगन के परिवार में दो, कंकाली तालाब के पास दो व सुडा कसार गली में 7 से आठ मरीज पीलिया के हैं। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन पुरानी हो गई है। इसे बदलने की मांग की जा रही है, लेकिन नहीं बदली गई।
नेता प्रतिपक्ष ने सीएम को पत्र
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को पत्र लिखकर स्वाइन फ्लू व पीलिया पर रोकथाम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि स्वाइन फ्लू का इलाज राजधानी के बड़े अस्पतालों तक सीमित है। पर्याप्त जानकारी व जागरूकता के अभाव में लोग दहशत में है।

पार्षद ने की पीलिया की शिकायत
सुंदरनगर के पार्षद मृत्युंजय दुबे ने मैत्री विहार में पीलिया के तीन मरीज होने की शिकायत नगर निगम प्रशासन से की है। उन्होंने वहां टैंकर भेजने की भी मांग की है'
पानी की प्रतिदिन क्लोरीन जांच के आदेश
शहर के 10 स्थानों को चिन्हांकित कर रैंडम जांच करने के बाद अब क्लोरीन की जांच होगी। महापौर प्रमोद दुबे ने शनिवार दोपहर जल विभाग के अध्यक्ष नागभूषण राव के साथ निगम के अफसरों की आपात बैठक बुलाई। उन्होंने अफसरों से कहा कि शहर के 10 स्थानों के पानी की रेंडम जांच की जाए। हीरापुर कालोनी में रोजाना टैंकर से पानी सप्लाई होनी चाहिए। क्लोरीन टेस्ट के बाद ही टैंकर को वहां भेजा जाए। पेयजल के नमूने हर दिन अलग-अलग कालोनियों से लिए जाएं। इससे शहर के पानी की टेस्टिंग भी हो जाएगी। देर शाम जल विभाग के अध्यक्ष नागभूषण राव ने हीरापुर कालोनी का दौरा भी किया।

आरडीए दफ्तर का घेराव : शहर जिला अध्यक्ष विकास उपाध्याय ने शाम 4 बजे रायपुर विकास प्राधिकरण के दफ्तर का घेराव कर दिया। उन्होंने हीरापुर की हाउसिंग बोर्ड कालोनी में पीलिया के महामारी फैलने के कारणों की जांच करने के लिए अफसरों से कहा। दफ्तर पर धरने पर बैठे उपाध्याय ने सीईओ अमित कटारिया खिलाफ जमकर नारेबाजी की।