पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

केबीसी का सेट तैयार, बढ़ा पहरा, जगमगाने लगा स्टेडियम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर. राजधानी के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में केबीसी आपके शहर में का पूरा सेट बनकर तैयार हो गया है। सेट एक हफ्ते से बनाया जा रहा था। सेट बनने के बाद स्टेडियम की लाइटें ऑन की गईं और यह जगमगाने लगा। शो को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में पहरा बढ़ा दिया गया है। उधर, ताज गेटवे होटल में प्रतिभागियों का अंतिम आडिशन भी पूरा हो गया और उन्हें पास बांट दिए गए। इंडोर स्टेडियम में सेट बनने के साथ-साथ लाइटिंग भी पूरी हो गई। आज मुंबई से पहुंचे डांस ट्रूप ने इस सेट पर कुछ देर अभ्यास किया। स्टेडियम में फोर्स गुरुवार रात से बढ़ा दी गई है।
रात को भी स्निफर डाग भी पुलिस के साथ रखे गए हैं। उधर, गुरुवार को भी प्रतिभागियों का दो शिफ्ट में आडिशन किया गया। पहुंचे लोगों से बायोडाटा लेने के बाद उन्हें केबीसी के पास दिए गए। हिदायत भी दी गई कि हर हाल में अपने सहयोगी को लेकर दोपहर 3 से 4 बजे के बीच स्टेडियम में एंट्री कर लें। उन्हें यह भी कहा गया कि 18 साल से कम उम्र के बच्चों को लाना मना है।
तीन कारें भी आएंगी
अमिताभ बच्चन के लिए तीन कारें मुंबई से लाई जाएंगी। एक बड़ी मल्टीनेशनल कार कंपनी के रायपुर शो-रूम ने आयोजकों को आफर किया था कि वे तीन दिन के लिए अपनी सबसे महंगी कारें मुफ्त देंगे। लेकिन उन्हें बताया गया कि अमिताभ के लिए कारें मुंबई से ही आ रही हैं।
चार्टर्ड प्लेन से आएंगे
अमिताभ बच्चन स्पेशल चार्टर्ड प्लेन से रायपुर के माना एयरपोर्ट पर आएंगे। एयरपोर्ट से होटल तक उनके काफिले में कई दर्जन गाड़ियों का बेड़ा रहेगा। उनकी गाड़ी के आगे और पीछे पर्सनल बाडी गार्ड की गाड़ियां रहेंगी।
अमिताभ के लिए शहर में होटल वार
पूरे शहर को पता है कि अमिताभ बच्चन होटल गेटवे ताज में रुकेंगे, लेकिन पॉवर लॉबी में गुरुवार को जो चर्चाएं छिड़ी हैं, उनकी मुताबिक बिग बी को होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल के प्रेसिडेंट सुइट में ठहराया जा सकता है। राजधानी का एक प्रभावशाली तबका भी इस चेंज में भिड़ गया है। तर्क यह दिया जा रहा है कि ताज में चार-चार सौ वर्गफीट के दो कमरों को जोड़कर अमिताभ के लिए सुइट बनाया जा रहा है, जबकि बेबीलॉन में सात-सात सौ वर्गफीट के दो सुइट पहले से हैं। सितारा होटलों की इस जंग में बेबीलॉन को कुछ बढ़त मिलती नजर आ रही है। केबीसी के 30 सदस्यों की टीम वहां ठहर चुकी है। गेटवे में केबीसी के आडिशन हुए हैं और अमिताभ के लिए तैयारी चल रही है। इसके बावजूद, सत्ता के गलियारों से ही संकेत मिले हैं कि केबीसी के आयोजक इस होटल से वाइंडअप हो रहे हैं।
इन सबके पीछे सरकार में अच्छा दखल रखनेवाला एक वर्ग भी है। कहते हैं कि इस वर्ग को कुछ आला अफसरों का सपोर्ट भी है। केबीसी की टीम दो दिन पहले बेबीलॉन में प्रेसिडेंट सुइट भी देख आई है। आयोजकों ने इस होटल की सुरक्षा को लेकर आला पुलिस अफसरों से राय मांगी थी। अफसरों ने भी हरी झंडी दे दी है। सूत्रों का कहना है कि इसकी भनक गेटवे से जुड़े एक भूतपूर्व राजनीतिज्ञ को लग गई है।
उन्होंने भी मुंबई में अपने संपर्कों खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि कांट्रैक्ट बचाया जा सके। बहरहाल, अमिताभ और केबीसी की टीम के स्टे को लेकर इतनी खींचतान इसलिए है क्योंकि सूत्रों के अनुसार पूरा पैकेज 40-45 लाख रुपए का है।