कवर्धा. जिले के गंगानगर में मंगलवार की रात दर्दनाक घटना हुई। शिक्षक ने अपनी शिक्षिका पत्नी के सिर पर वार किया। वह बेहोश हो गई। उसके बाद शिक्षक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद किया है। इसमें शिक्षक ने जो बातें लिखी हैं, उससे सरकारी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। मृतक ओमप्रकाश पात्रे बोड़ला ब्लॉक के ग्राम हरमों में शिक्षक पंचायत वर्ग 2 थे, जबकि उसकी पत्नी लक्ष्मी पात्रे इसी ब्लॉक के ग्राम भालूचुवा के प्राइमरी स्कूल में सहायक शिक्षक वर्ग-3 के रूप में कार्य करती है। शिक्षक ने लिखा कि पत्नी को स्कूल के हेडमास्टर आए दिन प्रताड़ित करते थे। छुट्टी नहीं देते थे। ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर से लेकर कलेक्टर तक से हेडमास्टर की शिकायत की। उसने पत्नी का ट्रांसफर कराने की भी काफी कोशिश की। रिश्वत भी दिए। पर न हेडमास्टर पर कार्रवाई हुई और न ही पत्नी का ट्रासफर हुआ। पात्रे के अनुसार इसका असर उनकी परिवारिक जिंदगी पर पड़ने लगा और हालात इस कदर बिगड़ गए।
पुलिस के अनुसार मंगलवार की रात दोनों पति-पत्नी में विवाद हुआ। इसके बाद शिक्षक पति ने धारदार हथियार से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। पड़ोसियों की सूचना पर सुबह घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिर वहां से रायपुर रेफर कर दिया गया। मृतक ओमप्रकाश ने 4 पेज का सुसाइडल नोट लिखा है। इसमें भालूचुवा के हेडमास्टर आरके सत्यवंशी पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मंगलवार को लक्ष्मी पात्रे दो दिन बाद स्कूल गई, तो उसे रजिस्टर में हस्ताक्षर करने नहीं दिया गया। यह बात उसने अपने पति को बताई। वह 12 बजे तक स्कूल में रहने के बाद एक बजे अपने पति के साथ घर आ गई। इस संबंध में शाला प्रबंध समिति के सदस्य बरसाती माथुर, परसादी मोहले, असिस्टेंट बीईओ छोटूराम चंद्रवंशी, बीईओ श्री पंद्रो, के साथ जनपद सीईओ, जिला पंचायत सीईओ, कलेक्टर से भी हेड मास्टर की शिकायत की थी। कलेक्टर ने पिछले महीने अगस्त में उक्त हेडमास्टर को हटाने का आदेश भी दिया था। लेकिन कुछ नहीं हुआ।
स्कूल में अनुशासन बनाए रखने के लिए कहना पड़ता था। बिना बताए छुट्टी में रहना व चले जाना अनुशासनहीनता में आता है। घटना दिनांक को भी उसके पति के आने पर वह बिना बताए चली गई थी। रुपए के लेनदेन के मामले में मुझे जानकारी नहीं है। आरके सत्यवंशी, हेडमास्टर
पति द्वारा अपने पत्नी पर धारदार हथियार या हैवी वेट से चोट पहुंचाई गई है। मृतक के हाथ की कलाई कटी हुई है। घटनास्थल से मिले सुसाइडल नोट में शिक्षक ने विभागीय परेशानी के कारण आत्महत्या करना बताया है। दीपमाला कश्यप, डीएसपी, क्राइम
परिवार में होने लगा कलह, अफसरों पर भी आरोप
सुसाइडल नोट में शिक्षक ने लिखा है कि कार्रवाई नहीं होने के कारण उसकी पत्नी और वह बहुत परेशान रहते थे। इसका असर बच्चों व परिवार पर भी पड़ने लगा था। वह अपने बच्चों और पत्नी से दूर नहीं जाना चाहता था। इसलिए युक्तियुक्तकरण में भी शाला से पत्नी का स्थानांतरण कराने के लिए 50 हजार रु. की रिश्वत दी। पर जिले के पदस्थ भ्रष्ट व जिम्मेदार अधिकारियों ने रुपए लेकर भी स्थानांतरण नहीं किया।