पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Maoist Claims Seeking Election Victory One Lakh

चुनाव जितवाने का दावा कर नक्सली मांग रहे एक-एक लाख

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जगदलपुर. नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए प्रत्याशियों व जनप्रतिनिधियों से नक्सली मोटी रकम मांग रहे हैं। नक्सलियों ने बीजापुर व भोपालपट्नम इलाके के कुछ जनप्रतिनिधियों को पैसों के लिए धमकी दे चुके हैं। पुलिस को भी इस तरह की शिकायत कुछ नेताओं की ओर से मिली है। इसके बाद अब चुनावी प्रक्रिया के दौरान पुलिस इस तरह की सूचनाओं पर विशेष नजर बनाए हुए है।
पुलिस को कुछ जनप्रतिनिधियों ने बताया कि हाल ही में मिली धमकी में नक्सलियों ने कहा है कि यदि उन्हें चुनाव लड़ना और जीतना है तो एक लाख रुपए चंदे के रूप में देने होंगे। बस्तर रेंज के आईजी एसआरपी कल्लूरी के मुताबिक नक्सल प्रभावित इलाकों में नक्सली चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों से रकम की मांग कर रहे हैं।
ऐसी शिकायतों की बारीकी से जांच करवाई जा रही है। इसके अलावा हाल ही में किरंदुल इलाके से जब्त लैपटाप से भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की बात उन्होंने कही। बताया जा रहा है कि इस लैपटाप की जांच में पुलिस को कई मेल व वीडियो भी मिले हैं। इसके अलावा कुछ ठेकेदारों के नाम भी इसमें दर्ज हैं। यह लैपटाप नक्सली लीडर रमन्ना का बताया जा रहा है। आने वाले दिनों में पुलिस इस जानकारी के आधार पर कई बड़ी कार्रवाई करेगी।
ब्लाक कांग्रेस अघ्यक्ष को मिला धमकी भरा खत

ब्लाक कांग्रेस अघ्यक्ष व ठेकेदार टुलू भटटाचार्य को माओवादियों ने पत्र भेजकर फिरौती मांगी है। इसकी शिकायत पर पुलिस थाना पखांजूर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पोस्ट आफिस के माध्यम से आए इस पत्र में उनसे 5 लाख रुपए की मांग करते हुए पैसे रात में काली झिल्ली में लपेट कर गैस गोदाम के सामने रखने को कहा गया है।
पत्र में पैसे नहीं देने पर उनके बच्चों को उठाने व परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई है। भट्टाचार्य ने बताया कि किसी ने उन्हें डराने की नीयत से माओवादियों के नाम से फर्जी पत्र भेजा है। माओवादी इस तरह की हरकत नहीं करते। पखांजूर थाना प्रभारी अजय कुमार बैस ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है मामले की जांच की जा रही है।