रायपुर. सुकमा के किस्टाराम थाने को नक्सलियों ने लूटने की कोशिश की थी। ८ मई को उनकी यह योजना तब फेल हो गई, जब जवान झुंड में अचानक लकड़ी लेने जंगल की ओर निकल पड़े। रास्ते में छिपे नक्सलियों ने उन्हें अपनी तरफ आते हुए देखकर हमला बोल दिया, जिसमें दो जवान शहीद हो गए, जबकि दो घायल हुए। चौंकाने वाली बात यह है कि नक्सली जब फोर्स पर फायरिंग कर रहे थे, उसी दौरान जमीन में घिसटते हुए उनकी तरफ से स्कूली बच्चे जवानों के हथियार छीनकर ले जा रहे थे।
यह खुलासा घायल कमांडर भागवत बघेल ने किया है। उन्होंने अपने सामने चित पड़े साथियों के हाथों से स्कूल ड्रेस पहने बच्चों को हथियार लूटते हुए देखा। तकरीबन 11 बच्चों को उस वक्त नक्सली काउंटर अटैक करते हुए सुरक्षा प्रदान कर रहे थे। नीले रंग की शर्ट और गाढ़े कलर की पैंट पहने बच्चे बड़े ही ट्रेंड थे। वो जमीन में घिसटते हुए जवानों के पास आते और उसी अंदाज में हथियार उठाकर ले जाते।
बघेल ने बताया- 30-30 जवानों की हमारी दो पार्टी थी। जिस पर हमला हुआ, उसका कमांडर मैं था। मैं पहले आगे था, बाद में लकड़ी उठाने के चक्कर में शहीद हुए दो जवान मुझसे एक कदम आगे हो गए। उनके आगे होते ही नाले की आड़ में छिपे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। मैं इस हमले को अच्छा कहूं या बुरा, मुझे समझ में नहीं आ रहा। अगर उस दिन हमारी टीम लकड़ी लेने नहीं निकलती तो शायद वो थाने को घेरकर बाहर से हमला कर देते तो ज्यादा जवान मारे जा सकते थे।
फिर उनसे निपटना मुश्किल हो जाता, क्योंकि वहां से दूसरे थाने काफी दूर हैं।
ऐसी थी नक्सलियों की प्लानिंग
सूत्रों के मुताबिक नक्सलियों ने किस्टाराम थाने की पूरी जानकारी तैयार कर रखी थी। वहां 74 जवानों का स्टाफ है, जिनके पास स्टाफ से लगभग दोगुनी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद रखा हुआ है। नक्सलियों ने थाने का पूरे नक्शा तैयार किया था। यह एकमात्र ऐसा थाना है, जो तीन तरफ से गुलाब नाले से घिरा हुआ है। बाकी चारों तरफ से घना जंगल है। थाना आने-जाने के लिए एक ही रास्ता है, जो काफी संकरा है। बताते हैं कि तकरीबन डेढ़ से दो सौ नक्सली नाले के किनारों पर घात लगाए बैठे थे। वो धीरे-धीरे आगे बढ़ते जा रहे थे। उनकी प्लानिंग के मुताबिक, उनका एक दल सामने की तरफ से हमला कर पुलिस को उलझाकर घेरने की तैयारी में था। इसके बाद उन्होंने जवानों पर फायरिंग कर थाना लूटने की योजना बना रखी थी।
जंगल के दूरस्थ थानों में बढ़ाएंगे फोर्स : डीजी
डीजीपी राम निवास ने कहा कि नक्सली किस्टाराम थाने को लूटने की कोशिश में थे, लेकिन पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। जंगल के दूरस्थ इलाकों में स्थित थानों में फोर्स बढ़ाई जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से वहां एक्सपर्ट भी भेजे जाएंगे, ताकि नक्सली दोबारा इस तरह की योजना न बना सकें।