पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर। शहर भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कई स्थानों पर लू चलने लगी है। राजधानी में एक दशक में सिर्फ तीन बार इतनी तेज गर्मी पड़ी है। राजधानी का तापमान गुरुवार को भी 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, प्रदेश सबसे गर्म बिलासपुर रहा। यहां पारा ४५.२ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
मौसम में व्यापक फेरबदल नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड 1988 में 47.9 डिग्री सेल्सियस है। इधर, गुरुवार को दिनभर गर्म हवाओं के थपेड़े झुलसाते रहे। दोपहर बाद सड़कें सूनी होने लगी हैं।
हवा में नमी लगभग खत्म है। लालपुर मौसम केंद्र के विज्ञानी जेके इंगले ने बताया कि हवाओं की दिशा दक्षिण-पश्चिमी है। इस वजह से प्रदेश में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के स्तर तक पहुंच गया है। आने वाले एक-दो दिनों में पारा गिरने की कोई संभावना नहीं है। इसमें थोड़ी-बहुत बढ़ोतरी जरूर हो सकती है।
इसलिए चल रही लू
मौसम विभाग के मुताबिक, लू चलने की दो परिस्थितियां होती हैं। पहली पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और सामान्य से पांच डिग्री अधिक हो। दूसरी परिस्थिति में तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंचने पर लू चलती है। दोनों परिस्थिति में आद्र्रता भी एक फैक्टर है। आद्र्रता 10 या 10 फीसदी से भी कम हो जाती है।
एक दिन में पारा चढ़ा ३ डिग्री
मंगलवार को राजधानी में पारा 42.2 डिग्री सेल्सियस पर था। अगले ही दिन पारा 44.9 डिग्री पहुंच गया। यानी एक दिन में लगभग तीन डिग्री तक चढ़ गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार मंगलवार तक प्रदेश में नमीयुक्त दक्षिणी हवाओं का प्रभाव था। वातावरण में आद्र्रता की मात्रा भी 24 फीसदी थी।बुधवार को हवाओं की दिशा दक्षिण-पश्चिमी हो गई। दक्षिण भारत की ओर से नमीयुक्त हवा आनी बंद हो गई। इस वजह से तापमान बढ़ गया।अब हवाओं की दिशा पश्चिमी होने से तापमान में और तेजी से इजाफा होगा।
10 जून से नवतपा
ज्योतिषविद पं. प्रियाशरण त्रिपाठी के अनुसार इस साल 10 जून से नवतपा शुरू हो रहा है। यह 20 जून तक रहेगा। नवतपा में बारिश होने की स्थिति में अकाल की संभावना रहती है। बारिश नहीं होने पर मानसून अच्छा रहता है। ज्योतिष गणना के 27 नक्षत्र होते हैं। नवतपा में बारिश होने पर 27 में से 10 नक्षत्रों में बारिश नहीं होती। ऐसी स्थिति में अकाल के हालात बनते हैं। हालांकि, पिछले कुछ सालों में नवतपा के समय बारिश की स्थिति बनी है।
गर्मी से वृद्धा की मौत
गुरुवार को जोरा के पास भीषण गर्मी की चपेट में आकर एक वृद्ध महिला की मौत की खबर है। महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जोरा के आसपास रहने वाली महिला दोपहर को करीब 2 बजे बस स्टैंड पहुंची। उसके हाथ में एक थैला था।
उसमें कुछ साडिय़ां थीं। वह बस का इंतजार कर रही थी। प्यास लगने पर उसने पास के एक होटल में पानी मांगा। पानी पीने के बाद वह कुछ काम से थैला होटल में छोड़कर जा रही थी। थोड़ा आगे चलने पर वह अचानक गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।पुलिस के अनुसार महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.