(घर के अंदर आग से जले सामान।)
रायपुर । अवंति विहार इलाके के न्यू राजीव गांधी नगर में सोमवार को रात करीब 12 बजे सिलेंडर फटने के बाद लगी आग से सात झोपड़ियां खाक हो गईं। एक झोपड़ी में फंसी लकवे की मरीज विमला तांडी (65) और दशहरा बाई (35) की जलकर मौत हो गई।
पुलिस ने अग्निकांड में दोनों के मारे जाने की पुष्टि की है। विमला का पति कपिल तांडी कैटरिंग का काम करता है। वह घर नहीं लौटा था। दशहरा बाई को उसकी दूसरी पत्नी बताया जा रहा है। बस्ती के लोगों का कहना है कि आधी रात जोरदार धमाके से उनकी नींद टूटी। लोग घरों से निकले, तब तक सात झोपड़ियां आग से बुरी तरह घिर गई थीं। मौके पर पहुंची पुलिस का अनुमान है कि धमाका सिलेंडर फटने से हुआ होगा।
झोपड़ियों में आग की खबर तुरंत तेलीबांधा पुलिस को दी गई। फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। देर रात तक आग पर काबू पाया जा सका।