पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

साहब हमारे गांव में पुलिस मत भेजो..., नक्सली हमें मार देंगे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जशपुरनगर. रायपुर. साहब हमारे गांव में पुलिस वालों को मत भेजो नहीं तो पुलिस की मुखबिरी के शक में हमें नक्सली मार देंगे। यह फरियाद है आरा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों की। जब से सहायक आरक्षक दंपति की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 लोगों की गिरफ्तारी की है तब से ग्रामीणों पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है।
नक्सली लगातार गांव में जाकर ग्रामीणों को धमका रहे हैं। हत्या के आरोपियों को पांच दिन के अंदर रिहा करने की मांग को लेकर लगभग 500 ग्रामीण गुरुवार को एनएच 43 जाम करने के लिए बाला छापर के सामुदायिक भवन में एकत्र हुए थे जिन्हें पुलिस ने वहीं पर रोक लिया और घंटों समझाईश दी जिसके बाद ग्रामीण वापस अपने गांव चले गए।
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की शाम को 15 से 16 हथियारबंद लोग उनके गांव में आए, रात को 7 बजे ठुठीअंबा में सभी ग्रामीणों का बैठक ली और उन्हें चेतावनी दी कि पांच दिनों के अंदर सभी आरोपियों की रिहाई करवाओ।
तो पूरे गांव को उड़ा देंगे
ग्रामीणों को समझाने गए पुलिस अधिकारियों को ग्रामीणों ने बताया कि नक्सलियों ने उन्हें धमकी दी है कि यदि पांच दिनों के अंदर वे अपने गांव के लोगों की रिहाई नहीं करवाते हैं तो उनके पूरे गांव को उड़ा देंगे। ग्रामीण डरे सहमे बालाछापर पहुंचे थे। पुलिस ने जब उन्हें कहा कि उनके गांव की तरफ सर्चिंग तेज करवाई जाएगी तो डरे हुए ग्रामीणों ने एक स्वर में पुलिस अधिकारियों से कहा कि हमें अपने हाल पर छोड़ दीजिए। हमारे गांव में पुलिस न भेजें नहीं तो पुलिस की मुखबिरी के शक में नक्सली मार देंगे। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में कभी भी नक्सली आ धमकते हैं और उन्हें प्रताड़ित कर उनके साथ मारपीट भी करते हैं।

- गांव वालों ने अपनी समस्याएं बताईं। उनसे चर्चा की गई और उन्हें आश्वस्त किया गया कि पुलिस उनके साथ है। हत्या के मामले में कानूनी रूप से सही कार्रवाई की जा रही है। - नेहा पांडेय, एडीशनल एसपी जशपुर