पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. नगर निगम की महापौर परिषद (एमआईसी) की मंगलवार की शाम आनन-फानन में बैठक बुलाई गई और नेताजी सुभाष स्टेडियम के सामने वाले भवन को जमींदोज कर इसे फिर बनाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। नई बिल्डिंग करीब 7 करोड़ रुपए खर्च करके बनाई जाएगी। स्टेडियम की गैलरी की क्षमता 5 हजार करने का प्रस्ताव होगा। अभी क्षंमता दो-ढाई हजार से ज्यादा नहीं है। नए स्टेडियम का विस्तार फायर ब्रिगेड की खाली हुई एक एकड़ से अधिक जमीन पर होगा। बची जमीन मल्टी लेवल पार्किंग के काम आएगी।
एमआईसी की शाम साढ़े 6 बजे शुरू हुई बैठक में दस एजेंडा लाए गए। सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव ने नेताजी सुभाष स्टेडियम के रेनोवेशन का था। एमआईसी सदस्यों ने बहुमत से प्रस्ताव को पास किया। कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा ने साफ किया कि अभी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ लगाने की योजना नहीं है।
लेकिन ग्राउंड पर घास लगाई जाएगी। फायर ब्रिगेड की खाली जमीन पर मल्टी लेवल पार्किंग बनेगी। साथ ही, मोतीबाग के सामने से चर्च होते हुए इंकम टैक्स दफ्तर की ओर जाने वाली सड़क भी चौड़ी होगी। स्टेडियम की गैलरी में एक साथ 5 हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जाएंगी। हर कुर्सी पर एक से पांच हजार तक नंबर अंकित होंगे। स्टेडियम में चल रहे सरकारी दफ्तर शिफ्ट कर दिए जाएंगे। नई बिल्डिंग में केवल खेल से संबंधित दफ्तर ही होंगे। इसमें मल्टी फंक्शनल जिम के साथ ही इंडोर टेबल टेनिस कोर्ट बनाया जाएगा। खिलाडिय़ों के रूकने के लिए रेस्ट रूम बनाए जाएंगे।
ये प्रस्ताव भी
हर माह 800 कुत्तों की नसबंदी
50 लाख रुपए की लागत से कुत्तों की नसबंदी और रैबीज के टीके लगाने की नई योजना लाई गई है। पशु चिकित्सक डा. संजय जैन ने निगम को आवारा कुत्तों की बांध्याकरण और टीकाकरण योजना के लिए प्रस्ताव दिया था। हर महीने 800 कुत्तों की नसबंदी और रेबीज के टीके लगाए जाएंगे। हर कुत्ते पर 550 रुपए का खर्च आएगा। यह प्रस्ताव सामान्य सभा में जाएगा।
कर्मचारियों की डीपीसी
डिपार्टमेंटल प्रमोशन स्कीम के तहत छह साल बाद नगर निगम के कर्मचारियों और अफसरों की डीपीसी की जाएगी। 50 प्रतिशत सीधी भर्ती के साथ ही 50 फीसदी पदोन्नति डीपीसी के माध्यम
से होगी।
फुट ओवरब्रिज बनेगा
आंबेडकर अस्पताल के सामने फुट ओवरब्रिज पर सहमति बनी है। अस्पताल में मरीजों को सड़क पार करने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इस वजह से एफओबी बनाने के लिए सदस्यों
ने एकमत से प्रस्ताव पास किया।
282 बस्तियां होंगी शिफ्ट : शहर को स्लम फ्री करने के लिए राजीव आवास योजना के तहत शहर की 282 झुग्गी बस्तियों में से 156 बस्तियों का सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। बची हुई बस्तियों को 30 अप्रैल 2014 तक पूरा करने का संकल्प पारित किया गया।
संविलयन का मामला अटका : राज्य परिवहन निगम के कर्मचारियों और अफसरों के संविलयन का मामला अटक गया है। प्रस्ताव पर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अरुण दुबे ने आपत्ति उठा दी। प्रस्ताव को पेंडिंग कर दिया गया।
1980 में बना था स्टेडियम
नेताजी सुभाष स्टेडियम 1980-81 में बना था। रायपुर शहर के पुराने हाकी खिलाड़ी नौमान अकरम ने बताया कि तत्कालीन कलेक्टर नजीब जंग के सहयोग से 1981 में आल इंडिया हाकी टूर्नामेंट नव निर्मित सुभाष स्टेडियम में कराया गया था। उस टूर्नामेंट में 1980 की मास्को ओलंपिक की हाकी गोल्ड मेडल विजेता टीम के सभी खिलाड़ी सुभाष स्टेडियम में खेलने पहुंचे थे। हाकी टीम के कप्तान भास्करन बस नहीं आ पाए थे। बाकी सभी खिलाड़ी स्टेडियम में एयर इंडिया, इंडियन एयर लाइंस, रेलवे, इंडियन आयल, इंडियन नेवी, पंजाब एंड सिंध बैंक सहित अपने राज्यों की टीमों में शामिल होकर पहुंचे थे। स्टेडियम में मोहम्मद शाहिद, जफर इकबाल, मेजर ध्यानचंद के सुपुत्र अशोक कुमार, असलम शेर खान सहित बड़े ओलंपिक खिलाडिय़ों ने अपने खेल कौशल दिखाया है।.
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.