पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

टोल टैक्स वसूली के विरोध में बिफरे लोग, घेरेंगे मंत्रियों को

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर. रिंग रोड-1 पर जहां टोल नाका बनाया जा रहा है, वहां आसपास के छह वार्डों के लोगों का गुस्सा अब बढ़ने लगा है। पार्षद भी राजनीति छोड़कर टोल टैक्स वसूली के खिलाफ एक मंच पर आ रहे हैं। जनप्रतिनिधियों और लोगों ने एक हफ्ते के भीतर बड़े आंदोलन की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इस मामले में लोग शहर समेत राज्य के कद्दावर मंत्रियों और अफसरों का घेराव कर उन्हें अपनी परेशानियों से अवगत कराएंगे। इस मामले में मंत्रियों समेत राज्य शासन की भूमिका को भी जनप्रतिनिधि और इन वार्डों के लोग शक की नजर से देख रहे हैं।
शहर के के भीतर बन रहे टोल नाके के खिलाफ सुंदर नगर, कुशालपुर, भाठागांव, डीडी नगर, रोहिणीपुरम और डंगनिया के 75 हजार लोगों का गुस्सा अब बढ़ने लगा है। सड़क बनाने वाली कंपनी ने पिछले माह ही टोल नाके का काम शुरू किया है। भास्कर ने सबसे पहले खुलासा किया था कि इस नाके की वजह से आसपास के छह वार्डों के हजारों लोगों तथा शहर से रिंगरोड होकर टाटीबंध और एम्स जाने वालों की जेबें काटी जा सकती हैं।
जनप्रतिनिधियों की बात
सरकार के मंत्रियों ने वादा किया था कि टोल नाका नहीं बनेगा। अब वे इससे मुकर रहे हैं। हम योजना बना रहे हैं कि हफ्तेभर में इस मुद्दे पर लोगों के साथ मंत्रियों और कलेक्टर को समस्या बताएं और अल्टीमेटम दे दें। उसके बाद मंत्रियों-अफसरों के घेराव से लेकर हर स्तर पर विरोध करेंगे।- मत्युंजय दुबे, पार्षद, पं. सुंदरलाल शर्मा वार्ड

- मेरे क्षेत्र में 25 हजार लोग प्रभावित होंगे। अब अगर टोल नाका चालू हो गया तो लोग कहां से आएंगे-जाएंगे। लोकल वाहनों पर छूट नहीं, टोल प्लाजा ही हटना चाहिए। यह लोगों की समस्या है, इसलिए सभी वार्ड के लोग मिलकर विरोध करेंगे। सड़क पर उतरेंगे और अपनी बात मनवाएंगे।- मीनल चौबे, पार्षद, डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड

- पहले कई नेता टोल नाके के खिलाफ थे। समस्या सिर पर खड़ी हो गई है तो पैर पीछे खींच लिया है। हम घर-घर में हस्ताक्षर अभियान चलाने के बाद पम्प लेट बांटकर लोगों को बताएंगे कि सरकार ने उनके साथ कैसे छल किया है। नगरीय चुनाव में यही सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा।
कन्हैया अग्रवाल, (मामले को कोर्ट तक गए थे)