पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. राजधानी के आउटर और आस-पास के कस्बों में चार सौ के सिलेंडर 21 सौ में बेचे जा रहे हैं। बड़ा रैकेट कुछ गैस कंपनियों से मिलीभगत से सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहा है। बुधवार राजधानी से 24 किलोमीटर तिल्दा में फोटो स्टूडियो की आड़ में सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले को पकड़ा। अफसर उसकी दुकान में शहीद भगत सिंह की फोटो खरीदने के बहाने घुसे और सिलेंडरों की कालाबाजारी पकड़ ली।
जय दुर्गा फोटो फ्रेमिंग से खाद्य विभाग की टीम ने 41 घरेलू सिलेंडर जब्त किए। अफसरों को खबर मिली थी कि जय दुर्गा फोटो फ्रेमिंग का संचालक बेहद चालाकी से सिलेंडर बेचता है। वह किसी भी अनजान व्यक्ति को सिलेंडर नहीं देता। सूचना पक्की थी। इसलिए अफसरों ने प्लानिंग की। खाद्य नियंत्रक दयामणि मिंज के साथ सहायक खाद्य अधिकारी आरसी गुलाटी, संजय दुबे, खाद्य निरीक्षक अनिल जोशी और मनीष यादव की टीम दुकान के बाहर जमा हो गई।
कुछ देर के बाद गुलाटी ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। उन्होंने भगत सिंह की फोटो देने को कहा। जैसे ही दुकानदार फोटो निकालने के लिए दूसरी ओर मुड़ा, उसके पीठ पीछे अफसरों की टीम दुकान के पीछे स्थित गोदाम में घुस गई। दुकान के अंदर भारत पेट्रोलियम कंपनी लिमिटेड, इंडियन आयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के गैस सिलेंडर जब्त किए गए। चोरी पकड़ी जाने के बाद दुकान के संचालक प्रकाश चंद रुपरेला ने कबूल किया कि वह घरेलू सिलेंडरों को जमा कर उसे ऊंची कीमत में बेचता है। उसके पास किसी भी कंपनी का अधिकार पत्र भी नहीं मिला। सभी सिलेंडरों को जब्त कर भारत गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया।
दिखाने के लिए दुकान, कालाबाजारी असली धंधा
तिल्दा में ही जैन किराना स्टोर्स में धंधा चलने का पता चला। इसे फंसाने के लिए अलग तरह का जाल बुना गया। खाद्य अधिकारी गुलाटी ने मोबाइल पर कॉल किया और सिलेंडर खरीदने के लिए पवन जैन से डीलिंग की। पवन ने उन्हें एक सिलेंडर के लिए 2100 मांगे। थोड़ी सी नानकुर के बाद अफसर राजी हो गए। दुकानदार ने अपने घर से सिलेंडर लेने को कहा। अफसर उसके घर पहुंच गए। पवन के परिवार के सदस्य सिलेंडर लेकर बाहर आए।
भरा सिलेंडर देखते ही थोड़ी दूर खड़ी अफसरों की टीम ने घर पर छापा मारा। तलाशी लेने पर एक मारुति वैन (सीजी-04 एचबी- 7772) में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के 9 नग घरेलू गैस सिलेंडर मिले। इसके अलावा इंडियन ऑइल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के 28 घरेलू सिलेंडर मिले। बीपीसीएल का रेग्यूलेटर और गैस पाइप भी जब्त किया गया। यानी वह सिलेंडर के साथ-साथ बाकी सामान भी बेच रहा था।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.