पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

समर्थन के लिए कहीं पिकनिक कहीं पद, कहीं पैसों का ऑफर

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर. जनपद व जिला पंचायतों में अपने समर्थित प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए दोनों प्रमुख पार्टियां कांग्रेस और भाजपा जोड़-तोड़ और जुगाड़ में लग गई हैं। राजनीतिक हल्कों में अपने वोटरों को पद और पैसे के प्रस्ताव देने की चर्चाएं गर्म हैं। कई जगह उन्हें सैर-सपाटे के लिए ले जाने की भी खबरें हैं। बलौदाबाजार में निर्वाचत सदस्यों को विशाखापट्म और शिर्डी ले जाया गया है। तों वहीं गरियाबंद और पाडूंका के सदस्यों के बीच गाड़ी और नगद राशि देने की चर्चा है।
वोट नहीं दिया तो पद नहीं देगी कांग्रेस
जिला पंचायत और जनपद पंचायत चुनावों में खरीद-फरोख्त की आशंका से कांग्रेस अलर्ट हो गई है। प्रदेश कांग्रेस ने अपने समर्थित प्रत्याशियों को पार्टी के पक्ष में ही मतदान करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने पर उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्हें भविष्य में विधानसभा चुनाव की टिकट से वंचित करने की भी बात कही गई है। जनपद पंचायतों में अध्यक्ष के लिए 13 फरवरी को मतदान होने हैं।
वहीं जिला पंचायतों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव 16 फरवरी को होंगे। इसके लिए लाबिंग तेज हो गई है। निर्वाचित प्रत्याशियों को रिझाने के लिए दोनों ही दलों के नेता लगे हुए हैं। कांग्रेस का दावा है कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी ज्यादा संख्या में जीतकर आए हैं। लगभग 18 जिला पंचायतों में कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष बनने की संभावना है। इसमें से 11 जिला पंचायतों में कांग्रेस का स्पष्ट बहुमत है। शेष सात जिला पंचायतों में कांग्रेस भाजपा से आगे है। वहां अध्यक्ष के नतीजे निर्दलीय प्रत्याशियों पर निर्भर हैं।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार लोकतंत्र का सम्मान नहीं कर रही है। वह कांग्रेस के निर्वाचित प्रत्याशियों की खरीद-फरोख्त करने और पद का प्रलोभन देने में लग गई है। प्रदेश कांग्रेस ने अपनी पार्टी के निर्वाचित पदाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
पीसीसी के प्रदेश महामंत्री गिरीश देवांगन ने कहा कि अगर पार्टी के जिला पंचायत सदस्य पार्टी के विरोध में मतदान करते हैं तो भविष्य में उनके नाम पर न तो विधानसभा चुनाव के दौरान विचार किया जाएगा और न ही किसी दूसरे पद के लिए। चुनाव पर हमारे कार्यकर्ता नजर रखे हुए हैं।
पार्टी ने चुनाव के लिए प्रभारी भी तैनात कर दिए हैं। वरिष्ठ नेताओं को इस पर रिपोर्ट भी देने कहा गया है। देवांगन ने कहा कि अगर किसी प्रत्याशी ने गद्दारी की और वह चिन्हित हो गया तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस का दावा
जिला - पद - निर्वाचित सदस्य

रायपुर 16 - 10
राजनांदगांव 24 -19
कवर्धा 14 - 9
बेमेतरा 14 - 9
दुर्ग 12- 8
बीजापुर 10 - 6
सुकमा 10 - 6
बस्तर 15 - 9
कोंडागांव 12- 9
कांकेर 13 - 8
बालोद 14 -8
कोरिया 10 - 6
बलरामपुर 14 - 9
जशपुर 14 - 8
बलौदाबाजार 22 - 14
मुंगेली 12 - 8
कोरबा 12 - 7
जांजगीर- 25 - 15
महासमुंद 15 -6
बिलासपुर 25 - 11
रायगढ़ 25 - 11
दंतेवाड़ा 10 -5
सूरजपुर 15 -6
सरगुजा 14-7
पैसे और पद के ऑफर : जिला पंचायत अध्यक्ष और जनपद पंचायतों के अध्यक्षों के चुनाव के लिए कांग्रेस-भाजपा में खेमेबंदी तेज हो गई है। निर्वाचित सदस्यों को कोई शिरडी ले जा रहा है तो कोई शिमला। कहीं पर गाड़ी देने की चर्चा हो रही है तो कहीं पर पैसे और पद के आफर का हल्ला है। राजनांदगांव में कांग्रेस का बहुमत दिख रहा है। वहां के सदस्यों को उत्तराखंड ले जाने की खबर है। वहीं रायपुर के सदस्यों को नासिक ले जाने की खबर है।
भाजपा ने मंत्रियों व दिग्गजों को झोंका
जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव लगभग पूरे राज्य में रोचक स्थिति में पहुंच गया है। गैर दलीय अाधार पर हुए चुनावों के बाद निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए बड़े बड़े नेता मोर्चे पर डट गए हैं। भाजपा की ओर से तो बाकायदा मंत्रियों, सांसदाें और विधायकों को जिम्मेदारी दे दी गई है। कई मंत्रियों को तो चार से पांच जिलों में कमान संभालनी पड़ रही है। वहीं सांसदों और विधायकों को अपने-अपने क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है। चुनावों पर राय शुमारी के लिए प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की शनिवार को बैठक होगी।
इसमें जिला पर्यवेक्षकों के साथ चर्चा कर अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के प्रत्याशी तय किए जाएंगे। बैठक में मंत्रियों से भी चर्चा की जाएगी। बैठक के लिए समिति सदस्यों, पर्यवेक्षकों एवं जिला प्रभारी मंत्रियों को भी सूचित किया गया है। सूत्रों ने बताया कि इसी बैठक में जिलेवार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के प्रत्याशी भी तय किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष धरम लाल कौशिक की उपस्थिति में होने वाली बैठक में चुनाव समिति के सदस्यों के अलावा जिलेवार नियुक्त पर्यवेक्षकों को भी बुलाया गया है।
इन सभी से जिलों में विजयी भाजपा, कांग्रेस, निर्दलीय या बागी प्रत्याशियों की स्थिति पर रिपोर्ट ली जाएगी। सभी पर्यवेक्षक इस समय अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में विजयी प्रत्याशियों से रायशुमारी कर रहे हैं।
पंचायत चुनाव में हार की खीज निकाल रही कांग्रेस - भाजपा: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के इस आरोप पर कि मुख्यमंत्री आवास उनकी पार्टी के दफ्तर जैसा है, भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया है। प्रदेश प्रवक्ता श्रीचंद सुंदरानी एवं संजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह बघेल की खीझ है जो कांग्रेस की हार पर व्यक्त कर रहे हैं।