रायपुर। भाजपा ने भले ही वार्डों से पार्षद के उम्मीदवार घोषित कर दिए, लेकिन कांग्रेस में शनिवार को दिनभर की मशक्कत के बाद भी 70 वार्डों के लिए सहमति नहीं बन पाई है। सूत्रों के अनुसार रात 12 बजे तक आधे वार्डों में ही सिंगल नामों पर सहमति बनी और इसके बाद नेताओं ने बैठक खत्म कर दी। रात में हुई बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी शामिल नहीं हुए। इसे शुक्रवार को भूपेश-जोगी गुट में हुए विवाद से जोड़कर भी देखा जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि आधा दर्जन से ज्यादा वार्डों के लिए टिकट के लिए बैठक में आला नेताओं के बीच बहस भी हुई है।
कांग्रेस भवन में शनिवार रात 12 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, विधायक धनेंद्र साहू और सत्य नारायण शर्मा तथा पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर पार्षदों के टिकट फाइनल करने में जुटे रहे। संकेत मिले हैं कि रायपुर के 70 वार्ड में से आधे में सिंगल नाम तय कर लिए गए हैं। दोपहर को महापौर की घोषणा करने के बाद शाम सात बजे प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल कोर टीम के साथ आए। 70 वार्ड की लिस्ट लेकर बैठे नेता आधे वार्डों के पैनल ही शार्टलिस्ट कर पाए। बचे हुए वार्ड में कई नामों पर मंथन करने के बाद भी नेताओं में सहमति नहीं बन पाई।
सिटिंग पार्षद को हरी झंडी
भाजपा से उलट कांग्रेस पार्टी में सभी मौजूदा पार्षदों के टिकट तय माने जा रहे हैं। सभी पार्षद और उनके समर्थक देर रात तक कांग्रेस भवन में डटे हुए थे। बंजारी माता वार्ड के पार्षद नागभूषण राव, ब्रिगेडियर उस्मान वार्ड के पार्षद सतनाम सिंह पनाग और राजीव पांडे वार्ड के पार्षद समीर अख्तर अपने समर्थकों के साथ देर रात तक मौजूद थे।
उत्तर की टिकट में घमासान
टिकट के मामले में सबसे ज्यादा घमासान उत्तर विधानसभा की 22 टिकटों पर हुआ है। जानकारों के मुताबिक यहां एक-एक वार्ड को लेकर उत्तर के पराजित प्रत्याशी कुलदीप जुनेजा तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास उपाध्याय में तकरार होती रही। दोनों की ही सूची अलग है। विवाद की वजह से जुनेजा रात में दूसरे दौर की बैठक में ही नहीं गए।
बैजनाथपारा पर विवाद
बैजनाथपारा वार्ड को लेकर चयन समिति में जमकर विवाद हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी यहां से अशफाक कुरैशी को टिकट देने की मांग कर रहे थे। जिला कांग्रेस के पैनल में अकरम कुरैशी का नाम सबसे ऊपर था। पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने इस वार्ड से एजाज ढेबर की राय जाननी चाहिए, लेकिन सदस्यों ने यह कह दिया कि एजाज खुद चुनाव लड़ते हैं तो स्वागत है। इस वजह से इस वार्ड पर सहमति नहीं बन पाई। देर रात बताया गया कि कांग्रेस कमेटी के पैनल में शामिल कोई नाम फाइनल कर दिया जाएगा।