पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पढ़ने नहीं सिर्फ खेलने वालों को मिलेंगे बोनस अंक

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर. दसवीं-बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में खिलाड़ियों को बोनस अंक मिलेगा। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने बोनस अंक का लाभ लेने वाले ऐसे सभी छात्रों से आवेदन मंगाया है। खेलकूद, स्काउट गाइड, एनसीसी, एनएसएस और साक्षर भारत कार्यक्रम अनुदेशक बोनस अंक का लाभ लेने के लिए अपने स्कूल में 10 मार्च तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने के लिए निर्धारित प्रपत्र माशिमं की वेबसाइट पर उपलब्ध है। बोर्ड परीक्षाओं में पिछले साल से बोनस अंक शुरू किए गए हैं। इसका कई छात्रों ने लाभ भी उठाया, लेकिन कई चूक भी गए। उन्हें फायदा मिले, इस वजह से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इसमें हर कैटेगरी में अलग-अलग बोनस अंक निर्धारित किए गए हैं। जैसे कोई छात्र राज्य स्तर पर खेला हो तो उसके लिए 10 अंक और कोई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन किया हो तो उसे 20 अंक दिए जाएंगे। पिछली बार कई छात्रों ने शिकायत की थी कि उन्हें बोनस अंक की जानकारी नहीं थी, इसलिए आवेदन नहीं किया। इसे देखते हुए ही इस बार पहले ही आवेदन जारी किए गए हैं। छात्र 10 मार्च तक स्कूलों में निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकेंगे। इसकी सूचना सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग को भी भेजी गई है।
इन्हें मिलेगा बोनस अंक
खेलकूद व्यक्तिगत एवं टीम खेल पदक में राज्य स्तर पर खेलने वाले को 10 अंक। राष्ट्रीय पर 15 और अंतरराष्ट्रीय खेलने वालों को 20 अंक। एनसीसी में आरडी.परेड व मावलंकर शूटिंग पर 15 अंक, वायु सैनिक, नौसेना कैम्प, थल सेना कैंप के आधार पर 15-15 अंक, डी.कैट कैम्प 1 पर 10 अंक मिलेगा।
एनएसएस में आरडी. परेड में 15 अंक।
स्काउट/गाइड : राज्यपाल पर 10 अंक और राष्ट्रपति पर 15 अंक।
साक्षर भारत कार्यक्रम अनुदेशक : प्रशिक्षित हो (पंजीकृत हो) 10 असाक्षरों को बेसिक प्राइमर और 10 असाक्षर शिक्षार्थी को ‘क’ एवं ‘ख’ श्रेणी में उत्तीर्ण कराया हो।