रायपुर. देवेंद्र नगर में 1.10 करोड़ रुपए की लागत से सड़क और नाली निर्माण का घटिया काम चल रहा है। अभी से कई जगह नाली की दीवार गिर रही है। वहीं सड़क के लिए 1.4 फीट खुदाई करने की बजाय सिर्फ नौ इंच ही गड्ढा किया जा रहा है। रहवासियों ने जोन कार्यालय और निगम मुख्यालय में शिकायत की लेकिन सुधार नहीं हुआ। इसके बाद पीडब्ल्यूडी मंत्री को बताया तो उन्होंने जांच और सुधार के लिए कहा। फिलहाल काम बंद है। जोन आयुक्त कह रहे हैं जांच के बाद दोबारा शुरू करवाएंगे। वहीं ठेकेदार का कहना है कि ठेका शर्तों के अनुसार काम हो रहा है।
डीबी स्टार टीम ने पड़ताल में पाया कि देवेंद्र नगर सेक्टर-4 में नाली व सड़क निर्माण के लिए जनवरी में नगर निगम ने प्रस्ताव पास किया। जावेद खान और गायत्री गायकवाड़ को ठेका मिला। नाली के लिए 46.97 लाख और सड़क के लिए 63.33 लाख रुपए स्वीकृत हुए। मई में नाली निर्माण शुरू हुआ।
घटिया काम देख रहवासियों ने आपत्ति दर्ज करवाई लेकिन ठेकेदार ने सुधार नहीं किया। जोन और निगम मुख्यालय में शिकायत दी, उस पर भी कुछ नहीं हुआ। शर्तों के अनुसार नाली के दोनों ओर आठ इंच दीवार खड़ी करनी थी। एक ओर 8 इंच दीवार बनाई गई लेकिन दूसरी ओर घरों के बाउंड्रीवॉल से काम चला लिया। इस बीच लोगों ने आरटीआई में टेंडर की प्रति निकलवाई। खुलासा हुआ मानकों के अनुसार काम नहीं हो रहा है।
अगस्त में सड़क निर्माण शुरू हुआ। इसमें पुरानी सड़क को 1.4 फीट खोदकर नई बनानी है। जबकि ठेकेदार नौ इंच गड्ढा कर निर्माण करवा रहा है। जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो रहवासियों ने पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत से शिकायत की। उन्होंने जोन आयुक्त को काम में सुधार के लिए कहा। इसके बाद से काम बंद है। जांच के बाद दोबारा शुरू होगा।
ले-आउट में बदलाव की मांगी अनुमति
शिकायत के बाद ठेकेदार ने ले-आउट में बदलाव के लिए जोन कार्यालय में प्रस्ताव भेजा है। ठेकेदार का कहना है रहवासी चाहते हैं सड़क का निर्माण नाली के बगल से हो जबकि टेंडर में छह मीटर चौड़ी सड़क बनाने का प्रस्ताव है।
बनते ही गिरने लगी दीवार
नाली निर्माण का काम अभी पूरा हुआ है फिर भी कई जगह से इसकी दीवार गिरने लगी है। बरसात के दौरान बहते पानी में काम शुरू हुआ था। इस वजह से निर्माण उखड़ने लगा। नीचे की सतह को कच्चा ही छोड़ दिया गया है। नाली की चौड़ाई 3 फीट रखनी थी लेकिन ढाई फीट ही रखा गया है।
पैसे की बर्बादी हो रही है
पिछले चार महीने से नाली और सड़क का काम चल रहा है। इसमें ठेकेदार मनमर्जी से काम करवा रहा है। निर्माण टिकने वाला नहीं है। इस तरह बस पैसे की बर्बादी हो रही है। - यूडी पोपटानी, रहवासी, देवेंद्र नगर
गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया
निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। नाली बाउंड्रीवॉल से लगाकर बना रहे हैं। सुधार के लिए लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत से गुजारिश की है। अभी काम बंद है। - जग्गू सिंह ठाकुर, पार्षद, रानी लक्ष्मी बाई वार्ड
सीधी बात : गुणवत्ता का ध्यान रखा है : गायत्री गायकवाड़, ठेकेदार
- देवेंद्र नगर में नाली और सड़क निर्माण में रहवासी गुणवत्ताहीन काम का आरोप लगा रहे हैं?
ऐसा नहीं है, हमने गुणवत्ता का ध्यान रखा है। बरसात के समय थोड़ा-बहुत हुआ होगा।
- मौजूदा सड़क को उखाड़कर 1.4 फीट खुदाई करनी थी लेकिन कहीं नौ इंच तो कहीं उससे भी कम है?
हमने प्रावधान के अनुसार ही खुदाई करवाई थी, बारिश के कारण मिट्टी भर गई होगी।
- रहवासियों द्वारा की गई शिकायत के बाद काम रोक दिया गया?
वहां के लोग कह रहे हैं कि नाली के बाजू से सड़क बनाओ जबकि छह मीटर ही सड़क बनानी है।
- काम कब तक पूरा होगा?
अभी काम रुका हुआ है। नगर निगम को नए ले-आउट के लिए लिखे हैं। अनुमति मिलने के बाद आगे काम किया जाएगा।