पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • घटिया इंजेक्शन का मामला उलझा मरीजों की हिस्ट्री चेक होगी

घटिया इंजेक्शन का मामला उलझा मरीजों की हिस्ट्री चेक होगी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर। अंबेडकर अस्पताल में बेहोशी के अलग-अलग कंपनी के आधा दर्जन घटिया इंजेक्शन सप्लाई का मामला उलझ गया है। इंजेक्शन सप्लाई करने वाली कंपनियों के तकनीकी विशेषज्ञों ने इंजेक्शन को घटिया मानने से इनकार कर दिया। इस बीच बिलासपुर और जगदलपुर मेडिकल कॉलेज के अफसरों ने भी इंजेक्शन को क्लीन चिट देकर नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस उलझन के बीच छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन सीजीएमएससी के एमडी प्रताप सिंह ने अंबेडकर अस्पताल प्रबंधन से उन मरीजों की हिस्ट्री मांगी है, जिन पर इंजेक्शनों का असर नहीं हुआ।
इंजेक्शन की क्वालिटी को लेकर सवाल खड़ा होने के बाद भास्कर ने बिलासपुर और जगदलपुर मेडिकल कॉलेज के डीन से बेहोशी के इंजेक्शन के बारे जानकारी ली। वहां भी सीजीएमएससी ने उसी इंजेक्शन को सप्लाई किया है, जिसे रायपुर मेडिकल कॉलेज के डाक्टरों ने घटिया करार दिया है। दोनों मेडिकल कॉलेज के डीन ने कहा कि अभी तक इंजेक्शन की गुणवत्ता को लेकर एक भी डाक्टर ने शिकायत नहीं की है। हालांकि इंजेक्शन सप्लाई करने वाली कंपनियों के तकनीकी विशेषज्ञों ने भी मंगलवार को सीजीएमएससी के अफसरों के सामने दो टूक कह दिया कि इंजेक्शन की गुणवत्ता को लेकर किसी भी तरह की शिकायत नहीं है।
इस तरह के विरोधों से अब सीएजीएमएससी के अफसरों के सामने दुविधा पैदा हो गई है कि अब वे क्या करें। हल निकालने के लिए सीजीएमएस ने अंबेडकर अस्पातल प्रबंधन से उन तमाम मरीजों की हिस्ट्री मांगी है जिन्हें इंजेक्शन लगाने के बाद समय से पहले होश आ गया था।
राजस्थान जाएगी टीम

दवा कंपनियों ने बेहोशी के जो इंजेक्शन सीजीएमएससी को सप्लाई की है, वही इंजेक्शन राजस्थान में भी सप्लाई की गई है। सदस्यों के यह कहने पर एमडी ने सीजीएमएससी की एक टीम राजस्थान के अस्पतालों में भेजने का निर्णय लिया है। यह टीम वहां जाकर डॉक्टरों से बात करेगी कि बेहोशी के इंजेक्शन मरीजों पर असर कर रहा है कि नहीं?