रायपुर. राजधानी के तेलीबांधा क्षेत्र में रहने वाली एक नर्सिंग कॉलेज की शिक्षिका की अश्लील फोटो बनाकर
फेसबुक पर डालने का मामला सामने आया है। सायबर सेल की जांच में खुलासा हुआ कि भोपाल में बैठा आरोपी युवक फर्जी नाम की आईडी बनाकर फेसबुक पर शिक्षिका की अश्लील तस्वीर के साथ गंदे कमेंट्स भेज रहा था। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तेलीबांधा क्षेत्र में रहने वाली 23 साल की युवती राजधानी के एक नर्सिंग कॉलेज में संविदा शिक्षिका है। उनकी तरफ से पुलिस में शिकायत की गई थी कि पिछले कुछ दिनों से कोई फेसबुक पर फर्जी नाम से आईडी बनाकर उनकी गंदी तस्वीर और अश्लील बाते लिखकर उनके रिश्तेदारों और दोस्तों को भेज रहा है। इस मामले में सायबर सेल ने जांच की तो पाया कि शिक्षिका की छोटी के एक दोस्त के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई थी।
शिक्षिका की फोटो से छेड़छाड़ कर उसकी तस्वीर को अश्लील बनाकर फेसबुक पर डाला जा रहा था। यह कारनामा भोपाल के गुरुनानकपुरा हुजूर का रहने वाला इमरान खान नामक युवक कर रहा था। जांच में आरोपी युवक का
मोबाइल नंबर 82349-24407 भी ट्रेस किया गया जो उसी के नाम पर है। इसी मोबाइल नंबर के माध्यम से आरोपी फेसबुक पर अश्लील फोटो लोड कर रहा था। जांच के बाद शिक्षिका की तरफ से मंगलवार की दोपहर दर्ज कराई गई है। तेलीबांधा पुलिस की एक टीम आरोपी को पकड़ने भोपाल के लिए जल्द ही रवाना होगी।