रायपुर. सदी के महानायक
अमिताभ बच्चन का
केबीसी के लाइव शो के लिए आगमन राजधानी रायपुर का सौभाग्य तो है, लेकिन प्रशासन और पुलिस मिलकर
बिग बी की सुरक्षा के बहाने ऐसे इंतजाम करने जा रहे हैं, जिनसे शहर के दो लाख लोगों का दो दिन तक जीना दुश्वार होने वाला है। सरकारी एजेंसियों ने शनिवार और रविवार को इनडोर स्टेडियम के सामने वाली सड़क को दो दिन लगभग बंद रखने की घोषणा की है। यह सड़क और इसकी सहायक सड़कें रायपुर के घनी आबादी वाले हिस्से की लाइफ लाइन हैं।
राजधानी के सबसे पुराने महामाया मंदिर और शीतला माता मंदिर तक जाने का सबसे महत्वपूर्ण मार्ग भी यही है, जो बंद रहेगा। इससे ऐन नवरात्रि में भक्तों को बड़ी परेशानी होने वाली है। रास्ते बंद करने की घोषणा से इसीलिए लोग बेचैन हैं और विरोध में सड़क पर भी उतर गए हैं।
केबीसी की शूटिंग के लिए पुलिस ने 27 और 28 सितंबर को बूढ़ा तालाब इनडोर स्टेडियम के आसपास के रास्ते दो दिन तक कम से कम छह-छह घंटे बंद रखने की घोषणा की है। यह पता चलते ही शुक्रवार को पुरानी बस्ती, श्याम टॉकीज, सोनकरपारा, महिला समृद्धि बाजार तथा महामाया मंदिर के आसपास रहनेवाले सड़क पर आ गए। उनका कहना है कि पूरे शो में गिने-चुने लोगों को ही एंट्री है। इसके लिए दो लाख लोगों को दिक्कत में क्यों डाला जा रहा है? लोगों ने पुरानी बस्ती सीएसपी को ज्ञापन भी सौंपा और चेतावनी दी कि अगर राहत नहीं दी गई तो आसपास के लोग दुकानें बंद करके सड़क पर धरने पर बैठ जाएंगे।
पैदल जाना भी मना
पुलिस ने सभी मार्गों पर वाहन ही नहीं, पैदल चलने पर भी रोक लगा दी है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी पुलिस लाइन के पिछले गेट, मारवाड़ी श्मशान घाट से बुढ़ेश्वर चौक और लाखे नगर से पुरानी बस्ती थाना चौक के आसपास रहनेवालों को है।
उनका कहना है कि ये सड़कें बंद होने से उनके पास घर में रहने के अलावा कोई विकल्प नहीं रहेगा।
ये मार्ग रहेंगे बंद
- महिला थाना चौक से श्याम टॉकीज
- कोतवाली से बूढापारा सीएसईबी
- कालीबाड़ी से बूढ़ापारा सीएसईबी
- लाखेनगर चौक से बुढ़ेश्वर मंदिर
- कंकाली चौक से पुरानी बस्ती थाना
- सदर बाजार से श्याम टॉकीज रोड
- सद्दानी चौक से श्याम टॉकीज रोड
- नेहरू नगर से बुढ़ेश्वर मंदिर
जनप्रतिनिधि नाराज : लोगों का ख्याल जरूरी, जनता त्रस्त हो जाएगी
छह-छह घंटे बंद करने का कोई औचित्य ही नहीं है। लाखेनगर मार्ग बंद करने से दिक्कत होगी। हम विरोध करेंगे।- प्रेम बिरनानी, पार्षद, कंकाली पारा
लोग भी खफा
- आसपास के हजारों लोग तकलीफ में आएंगे। सीएसपी को ज्ञापन देकर रोड खुली रखने की मांग की है। - आलोक श्रीवास्तव, बूढ़ापारा
- केबीसी की शूटिंग को लेकर अब कौन-कौन से मार्ग बंद हो रहे हैं, हमें सूचित नहीं किया गया है। दुकान बंद करेंगे तो खाएंगे क्या? - लक्ष्मी प्रसाद यादव, दुकानदार
सीधी बात : सिर्फ केबीसी नहीं, कई कार्यक्रमों से दिक्कतें : जीपी सिंह, आईजी रायपुर
- केबीसी के लिए छह-छह घंटे तक सड़क बंद कर हजारों लोगों को क्यों परेशान किया जा रहा है?
ऐसा नहीं है। जरूरत के हिसाब से व्यवस्था की गई है। ऐहतियात के तौर पर रास्ते बंद किए जा रहे हैं।
- शहर में वीवीआईपी के आगमन पर लोगों को ऐसी दिक्कतों का सामना क्यों करना पड़ता है?
अब अगर शो की वजह से जनता को परेशानी होगी तो उस बारे में भी जरूर सोचेंगे।
- आखिर दो दिन तक सड़क बंद रखने की क्या जरूरत है? पुलिस के पास दूसरे उपाय क्यों नहीं होते?
सुरक्षा के लिहाज से रास्ते बंद रखने का फैसला करते हैं। कहा तो है कि इस बारे में विचार कर लेंगे।
- लोग विरोध में आ गए हैं। दो दिन तक वे ऐसे में तो घर से निकल भी नहीं पाएंगे?
शहर में हर दिन 50 कार्यक्रम होते हैं। तब भी दिक्कत होती है। व्यवस्था जरूरत के हिसाब से की है
सीधी बात : किराए पर नहीं देंगे तो कैसे करेंगे मेंटनेंस : किरणमयी नायक, महापौर
- नगर निगम का स्टेडियम है। इसमें खेल के अलावा कोई और कार्यक्रम क्यों होने देते हैं?
स्टेडियम के मेंटेनेंस में हर साल दो करोड़ रुपए खर्च होते हैं। इसलिए अन्य आयोजनों के लिए स्टेडियम किराए पर देते हैं।
- इसका मतलब ये है कि मेंटेनेंस के बहाने आप लोग ही स्टेडियम बर्बाद करने पर तुले हैं?
सीएम ने बिजली के लिए 70 लाख रु. देने की घोषणा की थी पर पैसे नहीं दिए। हम कहां दोषी हैं?
- तो और कौन है...? स्टेडियम का वुडन फ्लोर भी लगातार आयोजनों से बर्बाद हो गया?
अगर केबीसी के आयोजकों की ओर से नुकसान हुआ होगा तो पूरी रकम वसूली जाएगी। कुछ भी डैमेज दिखा तो ताला लगवा दूंगी।
- लेकिन स्टेडियम तो आपके बिहाफ में नगर निगम ही देता है?
हमारी मजबूरी है। एक मंत्री ने वॉलीबॉल का आयोजन कराया था। अब तक उसके पैसे नहीं दिए।