पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अंतागढ़ उपचुनाव में 52 प्रतिशत मतदान, 2 केंद्रों में नहीं पड़े एक भी मत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(फोटो- कांकेर. गोंडाहूर में वोटिंग के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच लौटता मतदान दल)
रायपुर। कांकेर के अंतागढ़ विधानसभा उपचुनाव में शनिवार को छिटपुट घटनाओं के बीच 52 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां मैदान में भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग और आंबेडकरराइट पार्टी के रूपधर पुड़ो मैदान में थे। इसके अलावा मतदाताओं के पास तीसरा विकल्प मात्र नोटा था।
सुबह 7 बजे से सभी 202 केंद्रों में मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। बीएसएफ की टीम ने ताड़ो की थाने के अंतर्गत अंतागढ़-ताड़ोकी मार्ग में घोटुलबेड़ा के पास पुल से एक 5 किलो का टिफिन बम बरामद किया। बम स्कवाड को इसे विस्फोट से उड़ाना पड़ा। बड़ा हादसा टल गया। इसी तरह आमाबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अड़ेंगा में पहाड़ी के करीब नक्सलियों ने विस्फोट किया। गोलीबारी हुई। पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ में कुछ नक्सली मारे गए हैं, जिनके शव लेकर नक्सली भाग गए।
शाम तक मतदान दलों का लौटना शुरू हो गया था। निकट के केंद्र से मतदान दल पखांजूर तथा अंतागढ़ पहुंच चुके थे। वहीं अंदरूनी क्षेत्रों के कुछ दलों को सुरक्षा के मद्देनजर बीएसएफ के बेस कैंप में रोका गया है। कोयलीबेड़ा के मतदान दलों को चॉपर के माध्यम से कांकेर सुरक्षित बुला लिया गया है। अंतागढ़ तथा पखांजूर से मतदान दलों के रविवार को कांकेर पहुंचने की संभावना है। मतगणना 20 सितंबर को होगी।