रायपुर। आधी रात को मूर्ति विसर्जन करने जा रहे कुछ लोगों ने महादेवघाट के पास तैनात दो पुलिस वालों की जमकर पिटाई कर दी। जवानों ने उन्हें सुरक्षा के लिहाज से नदी के तट पर जाने से रोका। इससे नाराज युवकों ने उनकी पिटाई कर दी। पुलिस ने तीन की पहचान कर ली है। उनके खिलाफ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। आरोपी कद्दार मंत्री के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने अपनी पहुंच का ही फायदा उठाया और सिपाहियों की पिटाई कर दी।
डीडीनगर के टीआई विनय सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब साढ़े 12 बजे विनय शर्मा, विपिन और
सोनी विश्वकर्मा सहित अन्य गणेश की प्रतिमा लेकर विसर्जन के पहले पहुंचे थे। उस समय क्रेन से एक प्रतिमा का विसर्जन चल रहा था। इस वजह से पुलिस के जवानों संतोष शुक्ला और शईद लर्जी ने उन्हें रोका। इससे वे नाराज हो गए। उन्होंने जवानों के साथ बहस शुरू कर दी। आरोपियों ने मंत्री का धौंस दिखाते हुए जवानों को पहले तो खूब भला-बुरा कहा और उसके बाद बेदम पिटाई शुरू कर दी।
इससे दोनों जवान घायल हो गए। थोड़ी देर में डीडी नगर टीआई सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने उन्हें भी भला-बुरा कहते हुए वहां से जाने के लिए कह दिया। उन्हें मंत्री का धौंस दिखाते हुए ट्रांसफर तक करने की धमकी दे डाली। घायल सिपाहियों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
सिपाहियों की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल तीन आरोपियों के नाम सामने आए हैं। बाकी आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना स्थल पर भाजपा नेता प्रफुल्ल विश्वकर्मा और उसके कुछ समर्थक भी मौजूद थे। उन्होंने भी समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनकी भी नहीं सुनी।