रायपुर। रविवार को खेले गए पहले मैच में जहां नार्दर्न नाइट्स ने लाहौर लायंस को चारो खाने चित्त करते हुए अपना विजयी अभियान जारी रखा तो वहीं दूसरी तरफ नीता अंबानी की मुंबई इंडियंस ने भी सदर्न एक्सप्रेस को हराकर प्रतियोगिता में अपना खाता खोला।
मुंबई ने मारी बाजी
मैन ऑफ द मैच लेंडल सिमंस (नाबाद 76 रन, 51 गेंद, 11 चौके और 1 छक्का) और माइक हसी (60) की पारियों की बदौलत तथा पहले विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी की मदद से मुंबई इंडियंस ने रविवार को सर्दर्न एक्सप्रेस को 9 विकेट से हराया। पहले मैच में पाकिस्तान की लाहौर लॉयंस से हारने वाली मुंबई टीम ने इस जीत के साथ मुख्य दौर में पहुंचने की अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं।
मुंबई के कप्तान किरोन पोलार्ड ने टॉस जीतकर सर्दर्न एक्सप्रेस को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। सर्दर्न एक्सप्रेस ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 161 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस ने 16.2 ओवर में एक विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत शानदार रही। उसके सलामी बल्लेबाजों ने संभल कर खेलते हुए 139 रन की साझेदारी की। इस समय हसी को पथीराना ने एंजेलो परेरा के हाथों कैच आउट कराकर सर्दर्न एक्सप्रेस को थोड़ी राहत पहुंचाई। हसी ने अपनी पारी में 40 गेंदों का सामना किया जिसमें उन्होंने 5 चौके और तीन छक्के जड़े। इसके बाद किरोन पोलार्ड (नाबाद 20 रन) और लेंडल सिमंस ने जीत की औपचारिकता पूरी की।
इससे पहले फरवीज महरूफ (नाबाद 41) और एंजेलो परेरा (28) की पारियों की मदद से सर्दर्न एक्सप्रेस ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 161 रन बनाए। दनुष्का गुनाथिलाका (30) ने भी उपयोगी पारी खेली। मुंबई इंडियंस की ओर से लसिथ मलिंगा, प्रज्ञान ओझा, जसप्रीत बुमराह, जलज सक्सेना और किरोन पोलार्ड ने एक-एक विकेट लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सर्दर्न एक्सप्रेस की शुरुआत खराब रही। टीम का पहला विकेट मात्र 13 रन पर गिरा। जसप्रीत बुमराह ने सलामी बल्लेबाज कुशल परेरा (8) को श्रेयस गोपाल के हाथों कैच आउट कराया। पोलार्ड ने यशोधा लंका (9) को अंबाती रायुडू के हाथों झिलवाकर सर्दर्न एक्सप्रेस को दूसरा झटका दिया। गुनाथिलाका (30) ने एक छोर संभाले रखा था, लेकिन वे ऑफ स्पिनर जलज सक्सेना की फिरकी में उलझ गए और बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में प्वाइंट पर
हरभजन सिंह को कैच थमा बैठे। जेहान मुबारक (1) को प्रज्ञान ओझा ने क्लीन बोल्ड किया। सीकुगे प्रसन्ना (15) रनआउट हुए।इसके बाद फरवीज महरूफ और एंजेलो परेरा ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। दोनों ने छठें विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की। तभी मलिंगा ने एंजेलो परेरा (28) को क्लीन बोल्ड किया। मगर महरूफ ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।